गार्गी काॅलेज की छात्राओं से फेस्ट के दौरान छेड़छाड़ का मामला क्या है, जानिए अबतक क्या-क्या हुआ?

 

नयी दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित गार्गी काॅलेज की छात्राओं के साथ हुए छेड़छाड़ का मामला गर्म हो गया है. आज संसद में भी यह मामला उठा. गार्गी काॅलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ का यह मामला छह फरवरी का है, जब काॅलेज में एनुअल फेस्ट रेवरी आयोजित हुआ था और उसमें बाॅलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल पहुंचे थे. छेड़छाड़ की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक छात्राओं से गलत व्यवहार करते दिखते हैं. ये लड़के काॅलेज के नहीं हैं. सवाल यह है कि जब सिर्फ पास से एंट्री थी तो बाहरी लड़के अंदर आए कैसे.

मामले के तूल पकड़ने के बाद आज काॅलेज की प्रिंसिपल डाॅक्टर प्रोमिला कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय फैक्ट फाइडिंग कमेटी बनायी है. यह कमेटी शिकायत करने वाली छात्राओं, चश्मदीदों व अन्य लोगों से मिल कर पूरे मामले की समय सीमा के अंदर जांच करेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी. अगर शिकायतकर्ता छात्राएं चाहेंगी तो कमेटी पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज कराएगी.

वहीं, गार्गी काॅलेज मामले पर डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर ने कहा है कि गार्गी काॅलेज के अधिकारियों से प्राप्त शिकायत के आधार पर हौज खास पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 452, 354, 509 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

वहीं, कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने कहा कि यह तय है कि एचआरडी मंत्रालय कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है. सरकार व मंत्रालय का संदेश है उन लोगों को जो विश्वविद्यालय पर आक्रमण कर रहे हैं कि आप करते जाइए आपके खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा. वहीं, एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने कहा कि हम मांग कर रहे हैं कि अभी तक तो इस पर कार्रवाई होनी चाहिए थी, सीसीटीवी फुटेज निकाल कर दोषियों को जेल में डालने का काम अभी तक हो जाना चाहिए. बड़ी शर्मनाक बात है कि बीजेपी की सरकार में कैंपसों में ऐसी घटनाएं बढती जा रही हैं.

वहीं, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने इस भी इस घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि गार्गी काॅलेज में गुंडई व अश्लीलता असहनीय है. उन्होंने इस मामले में दिल्ली पुलिस व गार्गी काॅलेज प्रशासन को नोटिस भेजा है. काॅलेज प्रशासन की उन्होंने आलोचना भी की है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More