बिहार : तारकिशोर प्रसाद भाजपा विधान मंडल दल के नेता चुने गए, सुशील मोदी की लेंगे जगह

पटना : तमाम कयासों के बाद आखिरकार कटिहार के भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद को बिहार भाजपा के विधान मंडल दल का नेता चुन लिया गया है. इससे उनके उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना मजबूत हो गयी है. वहीं, अब तक भाजपा विधान मंडल दल का नेता रहे सुशील कुमार मोदी को अब केंद्र भेजे जाने की संभावना मजबूत हो गयी है. सुशील कुमार मोदी ने तारकिशोर प्रसाद को विधान मंडल दल का नेता चुने जाने पर ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है.
सुशील कुमार मोदी ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा है कि तारकिशोर जी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिशः बधाई. वहीं, भाजपा विधान मंडल दल का उपनेता रेणु देवी को चुना गया है. सुशील कुमार मोदी ने उन्हें भी इस चयन के लिए बधाई दी है.
तारकिशोरजी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिशः बधाई !
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) November 15, 2020
सुशील कुमार मोदी ने एक अन्य ट्वीट में इस बार नेतृत्व मिलने से वंचित रह जाने पर पीड़ा व संतोष साझा किया है. सुशील कुमार मोदी ने लिखा है: भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा. आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा. कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता. यह संभावना जतायी जा रही है कि सुशील कुमार मोदी को केंद्र में मंत्री पद दिया जाएगा.
भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे ४० वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) November 15, 2020
वहीं, तारकिशोर प्रसाद ने खुद को भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने पर कहा है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार अपनी बेहतर ढंग अपनी जिम्मेवारियों के निर्वहन का प्रयास करेंगे. वहीं, खुद को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
I’ve been given this responsibility & I’ll carry out the duty to the best of my ability: Tarkishore Prasad after being elected as leader of BJP legislature party in #Bihar.
“I can’t comment on it as of now,” says Tarkishore Prasad when asked about the post of Deputy CM in Bihar https://t.co/ozwAA3oXMU pic.twitter.com/QQEa3sddCW
— ANI (@ANI) November 15, 2020
कटिहार से चौथी बार विधायक चुने गए तारकिशोर प्रसाद कलवार जाति से आते हैं, जो वैश्य वर्ग की जाति मानी जाती है और ओबीसी कटेगरी में आती है. उन्होंने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा हासिल की है और 2005 से कटिहार से विधायक चुने जाते रहे हैं. तारकिशोर प्रसाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जरिए भाजपा में आए.
वहीं, भाजपा विधान मंडल दल की नेता चुनी गयीं रेणु देवी नोनिया जाति से आती हैं जो अति पिछड़ा वर्ग में आती है. वे बेतिया से चौथी बार विधायक चुनी गयी हैं. एक कयास यह भी लगाया जा रहा है कि भाजपा दो तारकिशोर प्रसाद के साथ रेणु देवी को भी उपमुख्यमंत्री बनाने का विकल्प चुन सकती है.




