बिहार : नीतीश कैबिनेट में 17 नए मंत्रियों ने लिया शपथ, शहनवाज हुसैन भी बने मंत्री, पढें पूरी सूची

 

पटना : बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू-भाजपा सरकार के 17 नए मंत्रियों ने मंगलवार को शपथ ग्रहण किया। इसके साथ ही अब मंत्री परिषद के कुल सदस्यों की संख्या 31 हो गयी। बिहार सरकार में आज भाजपा के कोटे से नौ और जदयू के कोटे से आठ मंत्री शामिल किए गए है और इसके साथ ही सरकार में अनुमापित प्रतिनिधत्व में जदयू से भाजपा आगे निकल गयी।

बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू तीसरे नंबर की पार्टी बनी थी और उसे मात्र 43 सीटें मिली थीं, इसके बावजूद 74 सीटों वाली भाजपा ने पूर्व घोषणा के अनुरूप उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में चुना। हालांकि सरकार में भाजपा का वर्चस्व व दखल बढा है और उसके कोटे से पहले से दो उपमुख्यमंत्री भी हैं।

नीतीश कैबिनेट में आज भाजपा कोटे से शाहनवाज हुसैन, सम्राट चौधरी, सुभाष सिंह, आलोक रंजन, प्रमोद कुमार, जनकराम, नारायण प्रसाद, नितिन नवीन और नीरज सिंह बबलू शामिल किए गए। नीरज सिंह बबलू दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं, जबकि नितिन नवीन पटना की बांकीपुर सीट से विधायक व बिहार भाजपा के प्रवक्ता है।

शाहनवाज हुसैन केंद्र की वाजपेयी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और पिछले दिनों सुशील कुमार मोदी के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट से बिहार विधान परिषद भेजे गए थे। वे केंद्र में भाजपा के प्रवक्ता की जिम्मेवारी में थे। शाहनवाज हुसैन बिहार भाजपा के बड़े नेता रहे हैं, लेकिन नीतीश कैबिनेट में वरीयता क्रम में उनसे भाजपा के दो डिप्टी सीएम आगे रहेंगे।

नीतीश कुमार की खुद की पार्टी जनता दल यूनाइटेड से आज श्रवण कुमार, लेसी सिंह, संजय झा, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, सुनील कुमार व मदन सहनी शामिल किए गए हैं। संजय झा पहले भी नीतीश सरकार में जल संसाधन मंत्री थे। वहीं, सुमित कुमार सिंह प्रभावशाली नेता नरेंद्र सिंह के बेटे हैं और चकाई से निर्दलीय जीते जिसके बाद अब जदयू में शामिल हो गए हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More