झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस, झामुमो व राजद का गठबंधन पक्का, आधिकारिक घोषणा कल

 

नयी दिल्ली : झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं राष्ट्रीय जनता दल में आज गठबंधन पक्का हो गया. न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, साथ मिल कर चुनाव लड़ने पर तीनों दलों के बीच सहमति बन गयी है, हालांकि इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कल यानी शुक्रवार को होगी. इस गठबंधन में विपक्ष की एक महत्वपूर्ण पार्टी झारखंड विकास मोर्चा को साझेदार नहीं बनाया गया है. हालांकि इस बात की पहले से ही संभावना थी. पिछले लोकसभा चुनाव में विपक्षी महागठबंधन झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी के लिए फायदे का सौदा साबित नहीं हुआ और इस बार वे बार-बार सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर भी रहे थे.

संभावना है कि कल तीनों दलों के बीच सीट बंटवारे के फार्मूले का भी एलान कर दिया जाये. इसकी अविलंब घोषणा इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि पांच चरणों में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के लिए छह नवंबर को ही अधिसूचना जारी कर दी गयी है.

झामुमो राज्य की 81 में 42 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रही है. वहीं, कांग्रेस के प्रदेश के बड़े नेताओं के लिए सीट छोड़ने पर भी दोनों दलों के बीच वार्ता चल रही थी. मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में झामुमो ने कांग्रेस के लिए अधिक सीटें इसी आधार पर छोड़ी थी कि विधानसभा चुनाव में उसे अधिक सीटों दी जाएंगी व उसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More