रामदेव की पतंजलि ने बिना मंजूरी कोरोना की दवा बेची तो कार्रवाई करेंगे : महाराष्ट्र सरकार

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि अगर बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि राज्य में बिना आयुष मंत्रालय की मंजूरी के अपनी कोरोना की दवा बेचती है या उसका प्रचार प्रसार करती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी. महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले राजस्थान सरकार ने बाबा रामदेव की दवा पर रोक लगी थी और अब महाराष्ट्र सरकार ने भी उसे बैन कर दिया है. अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र में नकली दवाएं नहीं बिकने देंगे. उन्होंने कहा कि पतंजलि की दवा के बारे में अभी पुख्ता क्लिनिकल ट्रायल की जानकारी नहीं है.
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट कर कहा कि नेशनल इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज, जयपुर यह पता लगाएगा कि क्या पतंजलि के कारोनिल का क्लीनिकल ट्रायल किया गया है. बाबा रामदेव को चेतावनी देते हैं कि हमारी सरकार महाराष्ट्र में नकली दवाओं की बिक्री की अनुमति नहीं देगी.
Maharashtra govt will take legal action against Patanjali if they try to advertise or sell their anti-Corona drug as AYUSH Ministry is yet to approve the medicine: Anil Deshmukh, Maharashtra Home Minister (File pic) pic.twitter.com/bYTHnYD0Q6
— ANI (@ANI) June 25, 2020
मालूम हो कि दो दिन पहले बाबा रामदेव ने कोरोना के उपचार के लिए दावा करते हुए कोरोनिल दवा लांच की थी. इसके साथ ही एक किट जारी किया था, जिसमें तीन अलग-अलग दवाएं हैं. आयुष मंत्रालय ने रामदेव की इस दवा के प्रचार प्रसार पर रोक लगा दी है और उनकी कंपनी पतंजलि से जवाब मांगा है कि यह बताएं कि यह कैसे कोरोना से लड़ने में कारगर है.
उधर, उत्तराखंड सरकार के आयुर्वेद विभाग ने कहा कि रामदेव की कंपनी को इम्युनिटी बूस्टर दवा का लाइसेंस मिला था न कि कोरोना का. उत्तराखंड सरकार के अनुसार, बिना आयुष मंत्रालय की स्वीकृति के कोरोना की दवा नहीं बेची जा सकती है.


