रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, 37 अयोग्य अभ्यथी बन गये लेक्चरर, सरयू को जदयू का समर्थन

रांची : झारखंड की रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों को सुर्खी बनाया है. प्रभात खबर ने टाॅप बाॅक्स में चुनाव की खबर दी है. लिखा है: स्क्रूटनी में 20 नामांकन रद्द, चक्रधरपुर के प्रत्याशी होल्ड पर. यह खबर दूसरे चरण के नामांकन के संदर्भ की स्क्रूटनी के संबंध में है. अखबार ने लिखा है कि कल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मनिका एवं लोहरदगा में जनसभा को संबोधित करेंगे. अखबार ने धनवार सीट से बाबूलाल मरांडी के चुनाव लड़ने के फैसले एवं विष्णु भैया के आजसू में शामिल होने की खबर भी दी है. अखबार ने खबर दी है कि बैंककर्मियों को वेतन के अलावा वेरिएबल पे भी मिल सकता है.
प्रभात खबर ने जेट 2006 में गड़बड़ी को लीड खबर बनाते हुए हेडिंग दिया है: मेरिट लिस्ट के बिना ही निकला था रिजल्ट, 37 अयोग्य अभ्यर्थी बन गये लेक्चरर. यह बात लेक्चरर नियुक्ति घोटाले की जांच के दौरान पता चली. बीएसएनएल के 77 हजार कर्मियों ने वीआरएस चुन लिया, यह खबर भी अखबार ने दी है. प्रभात खबर ने अंदर के पन्ने पर खबर दी है: 80 हजार में होने वाली स्टोन सर्जरी अब रिम्स में होगी मुफ्त. टाटा कैंसर अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ होने की खबर भी अखबार ने दी है. सरयू राय को मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ जमशेदपुर पूर्वी सीट पर जदयू का समर्थन मिलने की खबर भी अखबार ने दी है.
हिंदुस्तान ने नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का जमशेदपुर पूर्वी सीट पर समर्थन मिलने को लीड बनाया है. कल भाजपा संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रांची में प्रेस कान्फ्रेंस कर इसका एलान किया. यह भी कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर नीतीश कुमार उनके लिए वोट करने की अपील भी जारी करेंगे. बाबूलाल मरांडी के धनवार से लड़ने की खबर भी अखबार ने दी है. उत्तर भारत में भूकंप के झटके एवं महाराष्ट्र में सरकार गठन की कवायद की खबर पहले पन्ने पर है. अखबार ने सड़क दुर्घटना में राष्ट्रीय स्तर के दो फुटबाॅल खिलाड़ियों अजय हांसदा एवं रोहित मुर्मू की मौत की खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर दी है. यह हादसा देवघर-दुमका रोड पर पुसारो पुल के निकट हुआ.
दैनिक भास्कर ने हमेशा की तरह आज नया प्रयोग किया है. अखबार ने पहले पेज के 80 प्रतिशत हिस्से पर चुनावी सर्कस हेडिंग से कार्टून बनाया है. अखबार ने लिखा है – चुनावी सर्कस: ये शो चुनावी नतीजों के बाद भी जारी रहेगा. अखबार ने लिखा है कि भाजपा का प्रचार मोदी एवं शाह से शुरू होगा. अखबार ने लिखा है कि तीन ऐसी सीटें हैं, जिस पर भाजपा पहली बार लड़ेगी, ये हैं: तमाड़, चंदनकियारी और शिकारीपाड़ा.
अखबार ने अंदर फ्रंट पेज दिया है, जिस पर लीड खबर है: महागठबंधन में सबसे ज्यादा आठ करोड़पति, भाजपा में पांच, झामुमो के रामदास सबसे अमीर. अखबार ने लिखा है कि मांडू में दो संगे भाई जेपी पटेल और आरपी पटेल आमने-सामने हैं. जेपी पटेल भाजपा से और आरपी पटेल झामुमो से उम्मीदवार हैं. अखबार ने लिखा है कि आजसू ने जमशेदपुर पूर्वी सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उम्मीदवार नहीं दिया.


