‘रघुवर सबसे शक्तिशाली नेता, पार्टी और सरकार उनकी जेब में’, पढें-सुनें सरयू राय ने और क्या-क्या कहा

जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता सरयू राय ने आज निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास के खिलाफ पर्चा दाखिल कर दिया. पर्चा दाखिल करने के बाद सरयू राय ने समृद्ध झारखंड संवाददाता ज्योति चौहान से विशेष बातचीत की. सरयू राय ने बातचीत के दौरान कहा कि रघुवर दास सबसे शक्तिशाली नेता हैं, पार्टी भी उनके जेब में है, सरकार भी उनकी जेब में है. यह विख्यात है कि वे लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देते हैं. मैं कई चिट्ठियां लिखीं हैं, जितनी बात की है, मिल कर बताया है, उन्हें बताया कि आप जिस विभाग में उसमें कितना भ्रष्टाचार है. बिजली विभाग है, माइन विभाग है, इन सबके मंत्री वही हैं.

सरयू राय ने कहा कि आजादी के बाद झारखंड ही एक राज्य है जहां 30 विभाग में 16 विभाग मुख्यमंत्री ने खुद अपने पास रखा है. उन्होंने कहा कि ये सारे मलाईदार विभाग हैं.

सरयू राय ने रघुवर से चुनावी लड़ाई पर कहा कि टक्कर देना कोई सांड़ की लड़ाई नहीं है. उन्होंने कहा कि हमारी अगर जीत होगी तो वह यहां के जमीनी नेता पंडित दीनानाथ पांडेय के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

सरयू राय ने टिकट कटने के सवाल पर कहा कि अभी तक संसदीय बोर्ड ने जमशेदपुर पश्चिम से उम्मीदवार घोषित ही नहीं किया है, यह जिलाध्यक्ष ने किया. उन्होंने कहा कि बगल में प्रदेश अध्यक्ष रहते हैं, वे कर सकते थे. उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के लोग यह कर सकते थे. उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि दिल्ली से सिंबल चलता है, लेकिन प्रदेश आते-आते बदल जाता है. उन्होंने खुद को सिंबल नहीं मिलने पर कहा कि यह आने वाले समय में पता चलेगा कि कहां क्या हुआ.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More