अपनी ही सरकार की गर्दन पकड़ने का बयान देने वाले सरयू राय ने रघुवर के खिलाफ चुनाव लड़ने का किया एलान

 

 

जमशेदपुर : आखिरकार भाजपा के वरिष्ठ नेता सरयू राय ने आज निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का एलान कर दिया. नामांकन का मात्र एक दिन बचे रह जाने के बावजूद पार्टी द्वारा अपनी उम्मीदवारी का एलान नहीं किए जाने से खफा सरयू राय ने आज कहा कि वे निर्दलीय दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि वे जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी रघुवर दास के खिलाफ और जमशेदपुर पश्चिम की अपनी सीटिंग सीट से भी चुनाव लड़ेंगे.

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी में मुख्यमंत्री के खिलाफ वे स्वयं मैदान में मोर्चा संभालेंगे, जबकि पश्चिम में उनके समर्थक एवं कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे. सरयू राय के इस एलान से भाजपा के समक्ष नयी चुनौतियां खड़ी हो गयी हैं. मालूम हो कि जमशेदपुर शहर की दोनों सीटों पर दूसरे चरण में वोटिंग होनी है, जिसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 18 नवंबर है. ऐसे में अबतक उम्मीदवारी का एलान नहीं होने पर सरयू राय का धैर्य जवाब दे गया है. लोगों की नजर इस बात पर भी टिकी है कि भाजपा यहां से किसे उम्मीदवार बनाती है.

सरयू राय राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं में शुमार किए जाते हैं और वे अपनी ही सरकार के खिलाफ हमेशा मुखर रहे. राय ऐसे मुद्दे उठाते रहे जो विपक्ष से भी अधिक मुश्किलें पार्टी एवं सरकार के लिए खड़ी करती रही. सरयू राय ने एक इंटरव्यू में एक सवाल के जवाब में कहा था कि तो मैं सरकार की गर्दन पकड़ूंगा.

उधर, कांग्रेस एवं झामुमो को इसी एलान का इंतजार था. कांग्रेस ने जमशेदपुर पूर्वी से कल अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है, लेकिन संभव है कि विपक्षी दल आपसी सहमति कर सरयू राय को उनके राजनीतिक कद को देखते हुए समर्थन दे. ऐसा किए जाने पर रघुवर के लिए मुश्किलें अधिक होंगी.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More