रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, सरयू राय का टिकट होल्ड पर, सुदेश का दावं

रांची : झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित अखबारों में आज दो अहम चीजें हैं – एक झारखंड विधानसभा चुनाव की खबरें और दूसरा राज्य के 19वें स्थापना दिवस पर विशेष आयोजन.
प्रभात खबर ने स्थापना दिवस पर एक विशेष स्टोरी दी है – 19 साल में कम हुई गरीबी, पर अभी सफर लंबा. चुनाव पर पहले पन्ने पर लीड स्टोरी है – दिनेश उरांव व नीलकंठ को टिकट, सरयू राय व जीतू अब भी होल्ड पर. यह खबर भाजपा द्वारा कल 15 और सीटों पर प्रत्याशी देने और अबतक तक सरयू राय एवं कांके के विधायक जीतू चरण राम की उम्मीदवारी का एलान नहीं किए जाने के संबंध में है. अखबार ने खबर दी है कि झामुमो ने रांची से महुआ माजी एवं सिल्ली से सीमा महतो को उम्मीदवार बनाया है.
आजसू व भाजपा गठबंधन पर तनाव की खबर को अखबार ने एक साथ दो शीर्षकों से छापा है. इसमें सुदेश महतो वह बयान है जिसमें उन्होंने 26 सीटों पर लड़ने की बात कही है, जबकि भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम माथुर का बयान है कि हमने नौ सीटें छोड़ रखी है. रांची के दस पावर सब स्टेशन से कल तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने की खबर अंदर के पन्नों पर है. अखबार ने गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन को मास्ट बनाते हुए लिखा है – महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण नहीं रहे. राफेल सौदे पर मोदी सरकार को सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिलने और उस पर अमित शाह की प्रतिक्रिया भी अखबार ने प्रमुखता से दी है.
हिंदुस्तान ने झारखंड के चुनावी हलचल को लीड खबर बनाते हुए लिखा है: भाजपा-आजसू की दोस्ती के आसार खत्म. हिंदुस्तान ने भी भाजपा की तीसरी सूची में भी वरिष्ठ नेता सरयू राय का नाम नहीं होने की खबर को अहमियत दी है. हिंदुस्तान ने लिखा है झामुमो की तीसरी सूची में 14 प्रत्याशी, 12 पुराने. अखबार ने प्रदीप बलमुचु के आजसू में जाने एवं ताला मरांडी के झामुमो में जाने की भी खबर दी है.
झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के पहले मुख्य सचिव विजय शंकर दुबे का लेख अखबार ने पहले पन्ने पर छापा है. शीर्षक है – छोटी विधानसभा ने थाम रखी है विकास की गति.
राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा मोदी सरकार को राहत देने की खबर अखबार में प्रमुखता से हैं. वहीं, लता मंगेशकर के स्वास्थ्य में सुधार की भी खबर अखबार ने दी है.
सबरलीमाला सहित कई धार्मिक मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पीठ करेगी सुनवायी, यह खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर दी है.
दैनिक भास्कर की भाजपा-आजसू गठबंधन पर हेडिंग है: साथ छूटा, आस नहीं. इसमें सुदेश महतो एवं ओम माथुर का बयान है. हरिनारायण राय को हाइकोर्ट से चुनाव लड़ने की अनुमति मिलने की खबर भी अखबार में है. सुप्रीम कोर्ट का आदेश भी पहले पन्ने पर है – रफाल डील में गड़बड़ी के ठोस सबूत नहीं, इसलिए जांच नहीं. गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर अखबार ने पैकेजिंग कर अच्छी स्टोरी की है. उन पर लिखा है कि वे नेतरहाट से बिहार के टाॅपर बने थे और बर्कले यूनिवर्सिटी ने उन्हें बुद्धिमानों में श्रेष्ठ कहा था.
दैनिक भास्कर ने रांची में डेंगू-मलेरिया फैलने की खबर को प्रमुखता दी है. लिखा है – तीन महीने से पनप रहा है डेंगू-मलेरिया, निगम का दावा हर दिन हो रही है सफाई. अखबार ने लिखा है कि सफाई को लेकर निगम झूठ बोल रहा है. दैनिक भास्कर ने खबर दी है कि रांची के बड़े इलाके में आज दस बजे से एक बजे तक बिजली नहीं रहेगी. राज्य स्थापना दिवस की खबर को शीर्षक दिया है – सुबह में भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण, शाम में गायक सुखविंदर का शो.
दैनिक जागरण की सुर्खी है : राफेल सौदे पर मोदी सरकार फिर पास. कोर्ट का कथन है विमान खरीद में कोई गड़बड़ी नहीं. इस खबर से संबंधित रघुबर दास का बयान है कि राहुल गांधी देश की जनता से माफी मांगें. अखबार ने सबरीमाला का मामला सात जजों की बेंच को सौंपे जाने की खबर को पहले पन्ने पर दिया है.


