महाराष्ट्र : अब एनसीपी भी सरकार बनाने को तैयार, शिवसेना ने कही यह बात

 

मुंबई : महाराष्ट्र का राजनीतिक महा-भारत नहीं थम रहा. भाजपा-शिवसेना ने भले गठबंधन के बाद बहुमत हासिल कर लिया हो, लेकिन ढाई सप्ताह बाद भी नयी सरकार की सूरत साफ नहीं हुई है. ऐसा शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद के ढाई-ढाई साल के लिए भाजपा से बंटवारे की जिद के कारण हुआ है. इस परिस्थिति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी सरकार गठन के लिए तैयार है, हालांकि अब भी वह यह कह रही है कि इसकी पहली जिम्मेवारी जनादेश मिलने के कारण भाजपा-शिवसेना पर ही है.

 

एनसीपी नेता नवाब मल्लिक ने आज कहा कि अगर भाजपा-शिवसेना सरकार बनाएगी तो हम विपक्ष में बैठेंगे. अगर वे सरकार नहीं बनाएंगे तो कांग्रेस-एनसीपी वैकल्पिक सरकार गठन के लिए प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि हमने अपने सभी विधायकों की 12 नवंबर को राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए बुलाया है.

 

उधर, शिवसेना नेता संजय राउत ने आज कांग्रेस पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य की शत्रु नहीं है, सभी राजनीतिक दलों में कुछ मतभेद होते हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार बनाने को तैयार नहीं है तो शिवसेना यह जिम्मेवारी ले सकती है. शिवसेना नेता संजय राउत सरकार के सवाल पर कई बार एनसीपी चीफ शरद पवार से मिल चुके हैं. ऐसे में अगर कांग्रेस-एनसीपी शिवसेना को बाहर से समर्थन करे तो वह सरकार बना सकती है या फिर ये तीनों मिल कर सरकार गठन कर सकते हैं. यह भी संभव है कि कांग्रेस-एनसीपी सरकार बनाये और उसे शिवसेना का बाहर से समर्थन हासिल हो जाये. शिवसेना के नये बयान को कांग्रेस से संबंध अनुकूल बनाने का प्रयास माना जा रहा है.

 

वहीं, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बड़ी पार्टी के नेता के रूप में देवेंद्र फडणवीस को सरकार गठन का न्यौता दिया है. उधर, आज फडणवीस के घर पर महाराष्ट्र भाजपा कोर कमेटी की बैठक हो रही है, जिसमें तमाम पक्षों पर चर्चा होने के आसार हैं. इसमें इस पर भी मंथन होगा कि शिवसेना के बिना सरकार कैसे बनायें.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More