डबल इंजन की सरकार विकास को सतत प्रत्यनशील: मुख्यमंत्री

रांची/जमशेदपुर: दीपों और खुशहाली का त्योहार दीपावली में गरीबों को आवास का आवंटन किया गया। यह हम सबके लिए खुशी की बात है। यह दिवाली गरीबों के लिए खुशियां लेकर आई है। केंद्र व राज्य सरकार डबल रफ्तार से झारखंड के विकास में जुटी है। हम सबका साथ सबका विकास की अवधारणा के साथ काम कर रहे हैं। हमारा सिर्फ एक मकसद है, झारखंड को ऊंचाइयों पर ले जाना। षनिवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास पूर्वी सिंहभूम के बागुनहातु मैदान में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवास आवंटन व विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास सह उदघाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास विभाग व खादी ग्राम उद्योग बोर्ड के जरिए महिलाओं को प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया जा रहा है। महिलाएं रोजगार व स्वरोजगार से आच्छादित हो अपने आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त कर रहीं हैं। आज खादी ग्राम उद्योग बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान किया गया। समय-समय पर सरकार उन्हें राशि उपलब्ध करा रोजगार व स्वरोजगार की ओर अग्रसर कर रही है। राज्य की महिला शक्ति को हमें और सशक्त बनाकर झारखंड की शक्ति बनाना है। कहा कि झारखंड संभावनाओं से भरा प्रदेश है, लेकिन यहां गरीबी है। सरकार छोटे-छोटे ग्राम उद्योग का जाल बिछाने की योजना पर कार्य कर रही है। सरकार हमेशा इनके साथ है और लगातार छोटे-छोटे उद्योग को बढ़ावा देने का कार्य भी कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह टाटा स्टील के क्वार्टर में रहने वालों को सुविधा मिल रही है उस तरह जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र की बस्ती में रहने वालों को भी सुविधा मिलेगी। यहां के लोगों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए बात हो गई है। व्यवसायिक और रेजिडेंशियल एरिया में जल्द क्वार्टर की तरह बिजली उपलब्ध होगा। साथ ही जिस्को इन बस्तियों में पानी उपलब्ध कराएगा। अब टाटा की बिजली पूर्वी क्षेत्र की झुग्गी झोपड़ी और सरायकेला के बस्ती में भी घरों को रोशन करेगी। सीएम ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में रह रहे लोग 25 साल से रहने का प्रमाण पत्र सरकार को दें और सीधे सरकार के लीज धारी बनें। इससे पहले ऐसा निर्णय किसी सरकार ने नहीं लिया था। अब तक 3 लोगों ने 30 साल का प्रमाण पत्र दिया है, उनका लीज स्वीकृत हो गया है।

इस बाबत यहां के सांसद विद्युतवरण महतो ने भी पांच साल के विकास पर अपनी बातें रखीं। कहा कि यहां यूसीएल, केवारी माइंस, राखा माइंस के प्रारंभ होने से क्षेत्र में रोजगार का सृजन हुआ है। कार्यक्रम के दौरान एसएचजी रिवाल्विंग फंड के तहत 30 सखी मंडल को 30 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। झारखंड लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के द्वारा विभिन्न स्वयं सहायता समूह को एक करोड़ 5 लाख की राशि दी गई। इसक अलावे पीएचआर के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं को पोषाहार प्रदान किया गया। सीएम ने मौके पर जल सहिया को साईकिल की चाबी सौंपी। कार्यक्रम में पोटका विधायक मेनका सरदार, विधायक बहरागोड़ा कुणाल षाड़ंगी, घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम रविशंकर शुक्ला व वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप बिरथरे सहित कई लोग मौजूद थे।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More