बुंडू से अगवा छह माह का बच्चा 24 घंटे में सकुशल बरामद

रांची: महज 24 घंटे के भीतर ही बुंडू से अपहृत 6 माह के दुधमुंहे बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। खास बात ये है कि बच्चे के साथ-साथ इस अपहरण कांड के मुख्य सरगना को भी पुलिस ने धर दबोचा है। पुछताछ के आधार पर पुलिस इसके बाकी साथियों को दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने गुरुवार की रात 12 बजे इस मासूम का अपहरण कर लिया था। इसके बाद से बच्चे की मां की हालत काफी खराब हो गई थी। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने तत्परता के साथ सिरकाडीह गांव निवासी झूलन स्वांसी के बच्चे के अपहरण कांड का उदभेदन कर दिया है। बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।
रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता इस कांड को लेकर काफी गंभीर थे और उन्हीं के निर्देश पर इतनी तत्परता के साथ बच्चे को खोज लिया गया। ग्रामीणों सहित बच्चे के परिजनों ने पुलिस का आभार प्रकट किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस कांड से जुड़े बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




