भारी बारिश से अस्त- व्यस्त हुई जिंदगानी, धनतेरस बाजार बेजार

रांची: पिछले 30 घंटे से बारिश का कहर जारी है। लगातार मूसलाधार बरसात से हर तरफ पानी ही पानी जमा हो गया है। लोगों की जिंदगी अस्त- व्यस्त हो गई है और फिलहाल इससे राहत मिलने के संकेत नहीं नजर आ रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को धनतेरस का बाजार बेजार होता दिख रहा है। रांची में रूक- रूक कर बारिश जारी है। चाईबासा में भी पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश जारी है।
बारिश की वजह से कोल्हान के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। खेतों में तैयार धान की फसल को भी इससे नुकसान हो सकता है। चाईबासा में गुरुवार को भी दिन भर बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। सरायकेला जिले में भी लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण धान की फसल को नुकसान हो सकता है। राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास पेड़ गिर गया, लेकिन इससे कोई भी हताहत नहीं हुआ है। जमशेदपुर और घाटशिला में 24 अक्टूबर को 167 और चाईबासा में 67 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। राजधानी रांची की बात करें तो यहां अब तक 40.3 मिमी वर्षा हो चुकी है। कुल मिलाकर पूरे झारखंड में झमाझम बारिश हो रही है।
हजारीबाग, रामगढ़ में भी लगातार बारिश जारी है। बड़कागांव प्रखंड की कांडतरी नदी में उफान आ गई। नदी पार करने के लिए लेागों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा है। गली- मुहल्लों की हालत को नाककीय बनी हुई है। बच्चों को स्कूल जान हथेली में लेकर जाना पड़ रहा है। लोहरदगा और गुमला में भी बारिश हो रही है। सारंडा जंगल की गोद में बसा सेल नगरी के नाम से प्रसिद्ध किरीबुरू शहर में वर्षा से जनजीवन अस्त- व्यस्त है।
बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सरकुलेशन के असर से पूरा झारखंड प्रभावित है। एक दिन की बारिश में ही हजारीबाग की कांडतरी नदी में उफान आ गया है। मौसम विभाग ने अर्लट जारी किया है कि सिमडेगा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा में भारी बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा के अलावा उत्तरी झारखंड के चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जिलों में भी जोरदार बारिश होने की बात कही गई है। मौसम विभाग ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वे सिस्टम को अलर्ट रखें।


