ज्ञान-तकनीक से लैश युवाओं को तरजीह, पलायन मुझे चुभता है: मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि प्रदेश की बच्चियां किसी दूसरे राज्य में जाकर प्रशिक्षण लें, ये मुझे किसी कीमत पर स्वीकार्य नही है। आज राज्य को पांचवां नर्सिंग कौशल कॉलेज मिल रहा है। राज्य की बच्चियां अपने हुनर के दम पर प्रशिक्षण के बाद खुद अपने आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त करेंगी। इससे बड़ी खुशी कुछ और नही हो सकती है। श्री दास इटकी आरोग्य संस्थान परिसर में इटकी नर्सिंग कौशल कॉलेज के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

सीएम ने कहा कि पलायन मुझे चुभता है। वर्तमान सरकार ने पलायन करने वाली बच्चियों और उन्हें राज्य में ही रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से नर्सिंग कौशल कॉलेज प्रारंभ की है। आने वाली पीढ़ी खुशहाली से अपना जीवन यापन करें। यह सरकार की सोच है। समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास ही असली विकास है। कहा कि आज हर अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा देते हैं ताकि वे रोजगार प्राप्त करें। लेकिन यह युग तकनीक, ज्ञान और हुनर का है, जिसके पास ये मौजद है, उन्हें रोजगार में प्राथमिकता मिलती है। ऐसी स्थिति में अधिकतर लोग स्वरोजगार की ओर अग्रसर भी होते हैं।

श्री दास ने कहा कि हमारा झारखंड खुशनसीब है कि उसके पास युवा शक्ति है। यही युवा शक्ति राज्य के आर्थिक विकास की बड़ी पूंजी भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी बच्चियों में नर्सिंग को लेकर बड़ी अभिरुचि होने का अनुभव मैंने किया था। साथ ही मुझे इस बात की पीड़ा थी कि यहां की बच्चियां काम की तलाश में अन्य राज्य चली जाती थी। मैंने कल्याण विभाग के साथ बैठक कर राज्य के 11 आदिवासी अनुसूचित क्षेत्र में नर्सिंग कौशल कॉलेज प्रारंभ करने की योजना बनाई, ताकि इस क्षेत्र में निवास करने वाले सभी समाज की बच्चियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार प्रदान किया जा सके। इसका समारात्मक परिणाम मिल रहा है। सीएम ने कहा कि आज वस्त्र उद्योग के निवेशक झारखंड की ओर आकर्षित हो रहे हैं। लगातार वस्त्र उद्योग का शुभारंभ और शिलान्यास भी हो रहा है। अब पलायन को सरकार ने काफी हद तक कम कर दिया है। मौके पर कल्याण मंत्री लुईस मरांडी, मांडर विधायक गंगोत्री कुजूर, सचिव कल्याण हिमानी पांडे, पूर्व विधायक देव कुमार धान, आदिवासी कल्याण आयुक्त, नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं व अन्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More