दिग्गज होंगे भाजपा में शामिल, कांग्रेस- झामुमो को लगेगा झटका !

आलोक कुमार
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में मशगुल राजनीति दलों से एक- दूसरे के खेमे में जाने का दौर अनव्रत जारी है और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अब कांग्रेस और झामुमो को जोर का झटका धीरे से लगने की संभावना प्रबल तौर पर नजर आ रही है। भीतरखाने से इस बात की पुख्ता खबर मिल रही है कि कांग्रेस के सुखदेव भगत और मनोज यादव के अलावे झामुमो के कुणाल षाडंगी व चमरा लिंडा भाजपा का दामन थामने वाले हैं।
ये सभी अपनी पार्टियों के द्वारा लगातार उपेक्षा से नाराज हैं। झामुमो से निलंबित विधायक जेपी पटेल भी विधिवत भाजपा के हो जाएंगे। कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं, ऐसे में विपक्ष का वैसी सीटों पर जोरदार झटका लगने की संभावना है, जहां वे अपनी जीत तय मानकर चल रहे हैं। भाजपा 23 अक्टूबर को भव्य महामिलन समारोह की तैयारी कर रही है। राजधानी के हरमू मैदान में झारखंड के एक नये राजनीतिक अध्याय का श्री गणेश होता दिखाई पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार ये बड़े नेता मनपंसद सीट पर चुनाव लड़ने का 100 प्रतिशत भरोसा दिये जाने के बाद ही भाजपा के हो रहे हैं। विपक्ष की इस मजबूत टुकड़ी के भाजपा में आने के पीछे मौजूदा कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी की भी कोशिशें भी शामिल रही हैं। इन नेताओं की मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ भी कई राउंड की वार्ता होने के बाद सहमति हो चुकी है। जाहिर है कि इस एपीसोड के बाद झामुमो और कांग्रेस का गणितीय समीकरण गड़बड़ा सकता है। लोहरदगा, बरही, बहरागोड़ा व विशुनपुर ऐसी सीटें हैं, जिन पर विपक्ष अपनी जीत तय मानकर चल रहा था।
मांडू विधायक जेपी पटेल को छोड़ दें, तो कांग्रेस और झामुमो तमाम चर्चाओं के बाद भी अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा करके चल रहे थे। विपक्ष से भाजपा का दामन थामनेवाले नेताओं के अपने तर्क हैं। कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत खुलेआम बोल चुके हैं कि लोहरदगा लोकसभा चुनाव में उन्हें हराने का काम रामेश्वर उरांव ने किया, जो अब प्रदेश अध्यक्ष हैं।
मनोज यादव अध्यक्ष पद के बड़े दावेदार थे और लोकसभा चुनाव में उनके विरोध के बावजूद फ्रेंडली फाइट में राजद को उतार दिया गया। चमरा लोकसभा चुनाव में टिकट न दिए जाने से पार्टी से खफा थे। जबकि कुणाल षाडंगी का बैकग्राउंड शुरू से ही भाजपा का रहा है। जेपी पटेल को लोकसभा चुनाव के दौरान झामुमो ने निष्कासित कर दिया था। देखनेवाली बात ये होगी कि आनेवाले दिनों में प्रदेश की राजनीति किस करवट लेती है।


