खादी वस्त्र नहीं विचार व संस्कार का नाम: मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर खादी परिधानों के प्रचार- प्रसार एवं बिक्री हेतु चलंत वाहन खादी- ऑन- व्हील्स का शुभारंभ कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खादी हमारे संस्कारों की पहचान है, बुनकरों का सम्मान है। आप खादी वस्त्रों को अपनाएं और स्वदेशी को बढ़ावा दें। आपकी ये पहल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाले बुनकर भाई- बहनों की समृद्धि सुनिश्चित करेगी।
सीएम ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हमेशा खादी के वस्त्र और कुटीर उद्योग के उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया। वे स्वदेशी कपड़ों, स्वधर्म, स्वभाषा और स्वशासन के हिमायती थे। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर गांधी जी के सपने को पूरे करने का प्रयास कर रही है। कहा कि पीएम ने उनके सपने को पूरा करने का बीड़ा उठाया। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने पूरे राज्य को खुले में शौच मुक्त कराया। पूर्ववर्ती सरकारों ने गांधी जी के नाम का उपयोग अपने भले के लिए किया, लेकिन हमारी सरकार उनके सपनों को पूरा कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है।
सीएम ने कहा कि खादी ऑन व्हील्स के माध्यम से खादी को हम जन- जन तक पहुंचा सकेंगे। इस गाड़ी को हाट बाजार में लगाएं। हम ज्यादा से ज्यादा खादी उत्पादों का उपयोग करें, तो गरीबों के जीवन में खुशहाली आएगी। यह भी एक तरह से देश सेवा है। झारखंड में वनोपज की भी काफी संभावना है। राज्य सरकार उनको भी आगे बढ़ा रही है। आने वाले समय में हम इनके माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव ला सकेंगे। इस मौके पर राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक डॉ जीतू चरण राम, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, उद्योग सचिव के रवि कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


