गरीबों को सपनों के मकान की चाबी सौंपी, बोले सीएम हमने वादा पूरा किया

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के झोपड़पट्टी में रहने वाले गरीबों को मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पक्के मकान की चाबी सौंपने के बाद कहा कि इस फ्लैट के निर्माण के संवेदक, कर्मचारी एवं मिस्त्रियों को मैं तहे दिल से धन्यवाद कहना चाहता हूं। सीएम ने जुडको के अधिकारी, मेयर एवं सीओ का भी आभार प्रकट किया, कहा कि आज सरकार द्वारा गरीबों को पक्का मकान देने का वादा भी पूर्ण हो गया।

सीएम ने कहा कि आज तक झारखंड में गरीबों के नाम पर केवल राजनीति हुई, लेकिन किसी ने भी आधारभूत सुविधा को लेकर ध्यान नहीं दिया। 2014 में जब एक गरीब देश का पीएम बना तो काम का श्री गणेश हुआ और अब 2019 में योजना धरातल पर उतरती दिख रही हैं। पीएम का सपना है कि 2021 तक कोई भी बेघर न हो। केंद्र व राज्य सरकार मिलकर घर का सपना पूरा कर रही है। अब तक 1 लाख 87 हजार से अधिक घर बनाने का काम अपव्रत जारी है, इसके लिए हमने स्वीकृति दे दी है। कहा कि दीपावली के अवसर पर आपको आवास उपलब्ध करा हर्षित हूं, अब अब हर गरीब सम्मान की जिंदगी व्यतित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार 2024 तक सभी को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है, वहीं राज्य सरकार 2022 तक सभी गरीब आवास को उपलब्ध कराने का लक्ष्य लेकर चल रही है। 2014 के बाद से अब तक शहरी क्षेत्र में निवास करने वाले एक लाख 88 हजार 758 घर का निर्माण हो चुका है। आदिम जनजातियों को बिरसा मुंडा आवास योजना के तहत अब तक 11 हजार पक्का मकान, मछुआरा भाइयों को उनके कच्चे घर की जगह 9, 680 आवास, विधवा व बेसहारा बहनों को भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 23,850 आवास दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों को 8 लाख 11 हजार 427 आवास का निर्माण कर उन्हें बसाया गया। इस तरह विगत साढ़े 4 साल में वर्तमान सरकार ने 10 लाख 44 हजार 721 लोगों को आवास उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने मौके पर रांची नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाले कौशिला देवी, फूलमनी लोहराईन, एतवा उरांव, शुकरा महली, महावीर उरांव। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की कामना कुमारी, मंजू देवी, सुनीता देवी, सुनीता देवी-2 और लोकेश बेहरा एवं जमशेदपुर नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाले रामलाल सोनकर, दिवाकर मिश्रा, सत्यनारायण सिंह, धीरेन साहू व अन्य को सांकेतिक तौर पर आवास आवंटन का प्रमाणपत्र सौंपा।

श्री दास ने कहा कि आज रांची शहरी जलापूर्ति योजना फेज- टू के तहत 266 करोड़ की लागत से जलापूर्ति योजना का शिलान्यास हो रहा है, इससे पुनदाग, एचईसी, धुर्वा, हटिया क्षेत्र के करीब 55 हजार घरों को पानी उपलब्ध होगा। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पानी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। पहाड़ों में निवास करने वाले पहाड़िया जनजाति तक हमने पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचा दिया है। डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड से प्राप्त होने वाला एक हजार करोड़ रुपये पेयजल आपूर्ति के लिए खर्च हो रहा है। इस तरह सरकार ने 2022 तक सभी घरों में पाइप लाइन से पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

धुमकड़िया भवन का होगा निर्माण: मुख्यमंत्री ने कहा कि करम टोली क्षेत्र में जल्द 1.5 करोड़ की लागत से धुमकड़िया भवन निर्माण हेतु शिलान्यास किया जाएगा। ताकि बाहर से आने वाले हमारे आदिवासी इस भवन में रह सकें। हर गांव में मांझी स्थान निर्माण की योजना पर सरकार काम कर रही है। आदिवासियों का धरोहर सुरक्षित रहे। यह हमारा प्रयास है। सरना मसना स्थल को विकसित करने का काम हो रहा है।

हम उजाड़ते नहीं पुनर्वास करते हैं: नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि लोगों को आवास चाहिए, पानी चाहिए, पार्क चाहिए उस निमित काम हो रहा है। वर्तमान सरकार के पास विजन है, इच्छा शक्ति है, निर्णय लेने की क्षमता है, जिसका प्रतिफल है प्रेमनगर, चडरी और जेल तालाब के पास निवास करने वालों के लिए 180 फ्लैट का उद्घाटन। वर्तमान सरकार किसी को उजड़ती नहीं बल्कि पुनर्वास करती है। एचईसी क्षेत्र में झुग्गी झोपड़ी में रहनेवाले 8 हजार परिवार के लिए एचईसी से समझौता कर 8 हजार फ्लैट निर्माण की प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है। आज जलापूर्ति योजना का भी शिलान्यास हो रहा है। इससे एक बड़ी आबादी को लाभ होगा।

ये रहे मौजूद: राज्य सभा सांसद महेश पोद्दार, सांसद रांची संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद कुमार, सचिव नगर विकास विभाग अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार, जुडको व नगर निगम के पदाधिकारी, पार्षदगण व लाभुक।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More