जल्द करेंगे पार्टी की घोषणा
रांची: झारखंड के पूर्व एडीजी व 1987 बैच के आईपीएस पुलिस की सफल पारी खेलने के बाद अब राजनीतिक पारी खेलेंगे। उन्होंने सिमडेगा से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि बहुत जल्द दल का भी खुलासा कर देंगे। गुरुवार को रांची में मीडिया से बात करते हुए पूर्व एडीजी ने कहा कि उनकी कई राजनीतिक दलों से बात हो रही है।
उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीति दल ऐसा नहीं, जिसकी नीतियां गलत होती हैं। मैं प्रदेश की जनता और आदिवासियों के लिए कुछ करना चाहता हूं। सेवा भाव से उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। गौरतलब है कि उनके वीआरएस आवेदन को 15 अक्टूबर को राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है। बुधवार को उन्हें पुलिस मुख्यालय में विदाई दी गई। 32 साल तक पुलिस सेवा में जीवन बीताने वाले श्री डुंगडुंग अब राजनीति में रहकर कुछ अलग करना चाहते हैं।
पुलिस करियर में उन्होंने पटना, धनबाद समेत एकीकृत बिहार के कई जिलों में पुलिस कप्तान की भूमिका निभाई। झारखंड गठन के बाद वह गुमला और कोडरमा के एसपी रहे। इसके बाद जैप वन कमांडेंट, डीआईजी जैप, आईजी रांची, आईजी जैप जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जवाबदेही निभाई। एडीजी में प्रोन्नति के बाद वह विशेष शाखा और सीआईडी में भी पोस्टेड रहे।
वीआरएस लेकर राजनीति करनेवाले डुंगडुंग छठे आईपीएस हैं। इससे पहले रामेश्वर उरांव, अमिताभ चौधरी, डाॅ अजय कुमार, लक्ष्मण सिंह और शीतल उरांव भी ऐसा कर चुके हैं। डुंगडुंग ने 3 महीने पहले वीआरएस का आवेदन दिया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने सीआईडी एडीजी के तौर पर 8 जून 2015 को पलामू के बकोरिया पुलिस मुठभेड़ में 12 लोगों के मारे जाने के मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा किया था। जिसके बाद उन्हें जैप एडीजी बना दिया गया था। देखना दिलचस्प होगा कि ये किस पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे।