कोडरमा: जिले के स्टेशन पर चोरी की घटना की अफवाह के बाद घायल व्यक्ति का इलाज के लिए अस्पताल जाने के क्रम में रास्ते में हुई मौत के बाद परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को रांची पटना रोड जाम कर दिया। जाम करीब 1 घंटे तक रहा। मौके पर बरकट्ठा विधायक जानकी यादव जाम के दौरान एसपी से बात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाये जाने की मांग की।
जाम के कारण सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बाद में एसडीपीओ कोडरमा द्वारा मृतक के परिजनों में किसी एक को नौकरी व मुआवजा देने के आश्वसन के बाद जाम हटा लिया गया। उल्लेखनीय है कि बरकट्ठा प्रखंड के बरकनगांगो ग्राम छूत हरि कटिया निवासी सुनील यादव को चोरी के आरोप में कोडरमा स्टेशन के टीआरडी (ट्रेक्शन रेलवे डिपो) सेक्शन के कुछ कर्मियों ने जमकर धुनाई कर दी। जिससे सुनील यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार को घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उसे एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया था। अस्पताल ले जाने के क्रम में सुनील ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। सुनील के मौत के बाद कटिया के सैकड़ों ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देते हुए धरने पर बैठ गया। ग्रामीणों के अनुसार सुनील दैनिक मजदूरी का काम करता था व वह प्रतिदिन ट्रेन से झुमरीतिलैया आना जाना करता था।