मजदूर की हत्या से आक्रोशितों ने एक घंटा सड़क जाम किया

बच्चा चोर के शक में हुई थी पिटाई
कोडरमा: बच्चा चोरी के शक में पिटाई से मजदूर की मौत के बाद रविवार को मृतक के परिजनों ने सदर अस्पताल के पास सड़क जाम कर दिया। इससे रांची-पटना मेन रोड पूरी तरह से जाम हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजन आरोपियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। वहीं, मौके पर पहुंचे एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के समझाने और आरोपियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा लिया गया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
दरअसल, कोडरमा में शुक्रवार देर शाम मजदूर सुनील कुमार यादव को भीड़ ने बच्चा चोर के शक में पीट-पीट कर मार डाला। सुनील कुमार हजारीबाग जिले के छुतहरी कटिया का निवासी था। सुनील के भाई दिलीप कुमार ने रेलवे के सेक्शन इंजीनियर एस घोष और दो रेल कर्मचारी नीरज कुमार व सिकंदर पासवान सहित कई अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोडरमा थाने में शिकायत की है।
दिलीप ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उसका भाई रोज मजदूरी करने कोडरमा जाता था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे टीआरडी स्टाफ काॅलोनी के लोगों ने बच्चा चोर कहकर उसकी पिटाई की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी ने फोन पर उसे सूचना दी। वह ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचा और भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार सुबह 10 बजे गंभीर स्थिति बताते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। भाई ने मौत से पहले बताया था कि उसे कमरे में बंद कर पीटा गया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More