कुमार कामेश
धनबाद: बच्चों को विज्ञान से जोड़ने के लिए भारत सरकार के अभियान के तहत भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन देश के प्रमुख शोध संस्थान सिंफर में किया गया। विज्ञान भारती व सीएसआइआर के संयुक्त तत्वावधान में सिंफर में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सूबे के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने किया।
इस दौरान सिंफर लैब में ग्रामीण इलाकों से आये 2100 बच्चों ने अवलोकन किया और अपने अंदर विज्ञान को लेकर पैदा हुई जिज्ञासाओं को शांत किया। सिंफर में दो दिनों तक चलने वाले इस अभियान के बाद आगामी पांच से आठ अक्टूबर को लखनऊ में देशभर के बारह हजार बच्चे जुटेंगे, जहां उन्हें विज्ञान व गणित की बारिकियों को बताया जायेगा।
बच्चों में विज्ञान के प्रति रुझान बढ़ाने के उदेश्य से केंद्र सरकार के अभियान के तहत आज से दो दिनों तक सिंफर जिले के दसवीं से बारहवीं तक के बच्चों के लिये अपने प्रयोगशालाओं को खोल दिया है। जबकि कल 25 सितंबर को संस्थान के डिगवाडीह केंद्र का भ्रमण कर अपनी जिज्ञासाओं को शांत करेंगे।
जिले के ग्रामीण इलाकों के विभिन्न स्कूलों से आये छात्र- छात्राओं ने सिंफर के लैब का दौरा किया और वहां उपस्थित वैज्ञानिकों से अपनी जिज्ञासाओं की जानकारी ली। लैब देखने आये बच्चों ने उत्साहित होते हुए कहाकि ऐसे आयोजनों से उन्हें विज्ञान की नई नई तकनीकियों व बारिकियों से अवगत होने का मौका मिलता है। केंद्र सरकार की ऐसी योजनाओं से हमें काफी फायदा मिलेगा और ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री सरयू राय ने कहा कि हमारे यहां यह हीन भावना भर गयी है कि विज्ञान का विकास यूरोप व अमेरिका में हुआ है, जबकि ऐसा नहीं है। बच्चों को यह बताना है कि हमारा देश भी विज्ञान के मामले में काफी आगे है, आर्यभट्ट इसके उदाहरण हैं।
अपना देश भी विज्ञान और गणित में किसी देश से कम नहीं है। इसलिये हमें अपनी हीन भावना और नजरिया को बदलना होगा। बच्चों को यह बताया जायेगा कि विज्ञान की मदद से हम अपने देश व समाज का विकास काफी तेजी से कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश के विकास में विज्ञान का काफी बड़ा योगदान होता है, इसलिये केंद्र सरकार की इस पहल पर बच्चों को विज्ञान से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
सिंफर के निदेशक डाॅ पी के सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार अपने देश को 2050 तक आर्थिक रुप से मजबूत बनाते हुए विश्व की सबसे शक्तिशाली बनाना चाहती है, जो बगैर विज्ञान के संभव नहीं है। इसी के तहत बच्चों के बीच साइंस के प्रति रुझान बढ़ाने के लिये केंद्र सरकार के निर्देश पर ऐसे आयोंजन किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जापान और जर्मनी विज्ञान के बदौलत ही काफी आगे बढ़े हैं और अपना देश भी विज्ञान व प्रौद्योगिकी के बल पर मजबूत बन सकेगा। उन्होंने कहा कि आज व कल जिले के 2100- 2100 बच्चे सिंफर के लैब को देखेंगे और छोटे- छोटे प्रयोगोें को देख अपनी जिज्ञासा को शांत करेंगे। इसके अलावे बिहार से आये तीन सौ बच्चे भी लैब को देखेंगे और विज्ञान की बारिकियों को समझेंगे। इसके अलावे आगामी पांच से आठ अक्टूबर तक लखनऊ में एक बड़ा समारोह आयोजित किया जायेगा। जिसमें देशभर के बारह हजार बच्चे जुटेंगे और विज्ञान की बारिकियों से अवगत होंगे।