आसिफ
सरिया(गिरिडीह): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा दुर्गा बाड़ी प्रांगण में शुक्रवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव को धूमधाम से मनाया। साथ ही कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संघ के जिला प्रचारक प्रमुख महेंद्र कुमार ने अपने बौद्धिक में कहा कि गुरु मनुष्य के जीवनकाल में सर्वोपरि होता है। संघ ने भगवा ध्वज को गुरु के रूप में माना है। जो हमें त्याग और समर्पण की भावना सिखाता है। यह एक ऐसा पारस है जो लोहे को भी सोने में तब्दील कर देता है। इसकी महिमा कई शास्त्रों में व्याख्यान की गई है। जिसमें समर्थ गुरु रामदास जी ने शिवाजी को राज्य चलाने हेतु दान में दिया हुआ स्वर्ण मुद्रा भी वापस कर दिया। भगवान रामचंद्र जी हों या भगवान श्री कृष्ण सभी के जीवनकाल में गुरु रहे हैं।जिन्होंने गुरु की आज्ञा का पालन किया है।
भगवा ध्वज के सामने स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि समाज को समरस करते हुए संघ के कार्य को आगे बढ़ाना है। वहीं स्वयंसेवकों ने गुरु दक्षिणा भी अर्पण किया। गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में मुख्य शिक्षक भीम प्रसाद बर्णवाल, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख विनोद कुमार पांडेय, खंड कार्यवाहक उमेश कुमार, सह खंड कार्यवाहक आशीष कुमार तर्वे, सहित काफी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त सरिया क्षेत्र के बंदखारो, केशवारी नगर सहित कई जगहों पर गुरु पूजन तथा गुरु दक्षिणा कार्यक्रम संपन्न हुआ।