बेबस माँ बाप की पुकार…

रांची: आज समाज किस मुकाम पर आ गया है, देखकर बहुत तकलीफ होती है, बात किसी एक समुदाय विशेष की नहीं बल्कि पूरी मानव जाति की है…क्या हम इतने भौतिकतावादी और लालच में अंधे हो चुके हैं कि जन्मदाता और जन्मदात्री को सलाखों के पीछे प्रताडित होते देखकर जश्न मनाते है? पर यह बात सौ फीसदी सच है और हमारे राँची शहर की ही है।

मेरे दर्द को लोगों तक पहुंचा दीजिये…., ऐसे औलाद को बेदखल करना ही उचित है।”

असंवेदनशील होता हमारा समाज और हम सब….


रुना शुक्ला

16 मई 2018 की रात मेरे (रुना शुक्ला) पास एक महिला का फोन आया और मुझसे मिलने की बात कही। मैंने अगले दिन यानि 17-05-2018 को सुबह 7 बजे राँची सिविल कोर्ट में बुलाया। क्यूँकि मुझे उस दिन कोर्ट में काम था। एक बुजुर्ग महिला जो बमुश्किल चल पा रही थी। अपनी दो बेटियों और एक दामाद के साथ आईं, अपनी व्यथा बताई। बताया कि किस प्रकार उनके बड़े बेटे मो.अल्ताफ आलम, बहू शमामा फिरदौस, डोरंडा थाना प्रभारी, मो. जिलानी, डॉ. मुर्सरत यमानी द्वारा उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही बेटा मो.अल्ताफ आलम अपने बूढ़े माता-पिता को धमकी देता है कि तुमसब को झूठे दहेज के केस में फँसा देंगे। रोते हुए मुझसे (रुना शुक्ला) उस परिवार ने मदद माँगी। मैंने उन्हें आवेदन लिखवा दिया और महिला थाना, महिला आयोग तथा एस.पी. के पास जाने की सलाह दी। उन्होंने आवेदन दिये भी एस.पी. कार्यालय और महिला आयोग में। बाकायदा मुहर के साथ रिसीविंग भी मिली, लेकिन महिला थाना में उनके आवेदन को फेंककर कहा गया कि हम ऐसे केस नहीं लिखते। अपने क्षेत्र के थाने में जाईए, उस वक्त महिला थाना प्रभारी उपस्थित नहीं थीं। कैसी विडंम्बना है महिला थाने में महिला की सुनवाई नहीं।

रहमत कॉलोनी डोरंडा, राँची की निवासी 61 वर्षीया हमीदा खातून, पति मो.नासीर अंसारी (65), की पाँच बेटियाँ दो बेटे हैं। शादीशुदा बेटियों ने अपने माता – पिता को उनका हक और सम्मान दिलाने की लड़ाई में साथ दे रही हैं, तो मो.अल्ताफ आलम यानि इन बहनों का भाई इन्हें भी धमकी देता है कि निकलो इस घर से नहीं तो तुम लोग को इतना बदनाम करेंगे कि ससुराल से निकाल दी जाओगी और यहाँ से भी, छोटे बेटे ने चेन्नई से बी.टेक. किया है, लेकिन वह भी अपने बड़े भाई यानि मो.अल्ताफ आलम के षड़यंत्र का शिकार होकर फिलहाल डोरंडा बाजार में चिकन बेचने का दुकान लगाता है।

हमीदा खातून ने बताया कि पिछले साल 14 नवम्बर 2017 को मो.अल्ताफ आलम(बडा़ बेटा) ने अपनी माँ के अशिक्षित और अज्ञानता का फायदा उठा कर उनकी 26 डिसमिल जमीन जो कि इटकी थाना नं.105, प्लॉट नं.391, खाता संख्या 32, में स्थित है, बिक्री के एकरार नामे पर धोखे से हस्ताक्षर करा के डॉ. मुर्सरत यमानी नामक महिला, पति-इमरान अंसारी, पता-A2, OHC, सेक्टर-2, धुर्वा के हाथों 27,00,000/-(सत्ताईस लाख) में बेच दिया। जब बात खुली तो पीड़िता अपनी बेटियों के साथ संबंधित थाने (डोरंडा थाना)गई तो वहाँ FIR,तो किया नहीं बल्कि फटकार लगाकर भगा दिया।

बिक्री एकरारनामा किए हुए चार महीने से उपर हो गए हैं एवं उक्त एकरारनामे के शर्त एवं वर्णित प्रावधान के अनुसार चार महीने के भीतर जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने से जमीन प्रथम पक्ष यानि हमीदा खातून के पास चली जाएगी और एकरारनामा रद्द माना जाएगा। अब मो.अल्ताफ आलम, डॉ.मुर्सरत यमानी, डोरंडा थानाधिकारियों द्वारा इन्हें मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा है। डराया-धमकाया जा रहा है ताकि हमीदा खातून जमीन की रजिस्ट्री कर दें और फिर दर दर की ठोकरें खाती रहें। हमीदा खातून ने एक और नाम बताया मो. जिलानी जो किसी नेता का ड्राइवर है तथा मो.अल्ताफ आलम का मित्र भी है। जिलानी के द्वारा इस परिवार को घर से बेदखल करने की धमकी दी जाती है। हमीदा खातून ने बताया कि डोरंडा थाना के अधिकारियों द्वारा इन बुजुर्गों को बार-बार परेशान किया जा रहा है।

4 अप्रैल 2018 को शाम 7.30 से 8 बजे के बीच डोरंडा थाना से कई लोग उनके घर आकर बिना सर्च वारंट के छानबीन करने लगे। मना करने या कुछ पूछने पर धमकी दी गई कि सब को जेल में बंद कर देंगे और महिलाओं के साथ अभद्र बर्ताव किया। जिसके कारन छोटे बच्चे आज भी दहशत में थे । पुलिस 65 वर्षीय मो.नासिर अंसारी तथा उनके दामाद को बिना कारण बताए रात 8.30 बजे थाने ले गई और 6-7 घंटे बिना बात थाने में बिठाए रखा और थाना प्रभारी द्वारा बोला गया कि आप चावल और चीनी छू कर बोलो कि आपकी गलती है। क्या थाने में टोने टोटके किए जाते हैं? इस घटना की वजह से मो.नासिर अंसारी को हार्ट अटैक आया, जान तो बच गई, लेकिन अभी डॉक्टर ने बेडरेस्ट बताया है, घर में बच्चे और बड़े सभी दहशत में हैं, हर आहट पर बच्चे पूछते हैं, क्या फिर से पुलिस आई है?

एक बीमार पिता ने आहत होकर कहा कि आप इस बात को अखबार में छपवा दो ताकि लोगों को पता ले कि, “बेटा जिसके लिए सब मन्नत माँगते हैं, और बेटा पिता द्वारा मेहनत से पाई-पाई जोड़कर बनाए घर और जमीन को यूँ धोखे से बेचकर वृद्धावस्था में माँ-बाप को जिल्लत भरी जिंदगी देता है, ऐसे औलाद को बेदखल करना ही उचित है।”

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More