गणगौर सिंधारा में महिलाओं ने उठाया कुरीतियों के खिलाफ आवाज

आरती सिन्हा


रांची: अग्रसेन भवन में चल रहे तीन दिवसीय वसंत मेले में काफी भीड़ जुट रही है। मेले के पहले दिन जहां लोगों ने जमकर शॉपिंग की वहीं दूसरे दिन गणगौर सिंधारा का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने काफी उत्साह दिखाया। अपने परिवार की सभी औरतों के साथ हिस्सा लिया। मौके पर महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगाकर गणगौर की पूजा भी की। सभी औरतों ने उम्र की बेड़ियों को तोड़ते हुए एक साथ डांस भी किया।

ढेरों सेल्फी भी ली। इसी दौरान हमारे देश में चल रहे कुप्रथाओ को जड़ से मिटाने के लिए एक नाटक का मंचन भी किया गया। इस नाटक द्वारा महिलाओं ने यही बताने की कोशिश की कि कैसे घर में कुछ भी बुरा या अपशगुन होने पर सारा दोष एक विधवा औरत पर डालकर उसे मार दिया जाता है। इस नाटक के द्वारा महिलाओं ने समाज को एक अच्छा ज्ञान देने की कोशिश की, जिससे लोग समझ सके। अपने आस पास होने वाली ऐसे घटनाओं के खिलाफ आवाज उठा सके। लोगों ने इस नाटक को खूब सराहा।

महिलाओं को खूब भा रहा हस्त निर्मित उत्पाद:

मारवाड़ी महिला मंच द्वारा आयोजित इस मेले में लोगों को सबसे ज्यादा हस्तनिर्मित वस्तुओं और कपड़े पसंद आ रहे हैं। मेले में लगभग 50 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां डिजाइनर ड्रेस से लेकर गहने, पूजा सामग्री और यहां तक कि आचार, मसालों का भी स्टॉल लगाया गया है। मेले में भीड़ देखने लायक है। लोग कई तरह के वस्तुओ के लिए ऑर्डर भी दे रहे हैं।

जमशेदपुर की चंदलता जैन का कहना है कि हमारे पास लोगों को ध्यान में रखते हुए कई तरह की लाइट और हैवी ज्वेलरी है जो कि अमेरिकन डायमंड, पोलकी और मेटल की बनी हुई है। चंदलता जी के पास ₹100 से लेकर ₹3000 तक की ज्वेलरी है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना:
बसंत मेले के इस मौके पर मौजूद संयोजिका रूपा अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के मेले का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य है, देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More