रामभक्तों पर हेलीकॉप्टर से किया जायेगा पुष्प वर्षा: विधायक जायसवाल

रामभक्तों पर पुष्प वर्षा से समाज में समरसता और एकता का बिखरेगा संदेश: मनीष जायसवाल
http://रविन्द्र कुमार @समृद्ध झारखण्ड
हजारीबाग(झारखण्ड): सदर विधायक मनीष जायसवाल ने सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास को एक पत्र लिखकर हजारीबाग के ऐतिहासिक और बेमिशाल रामनवमी के एकादशी जुलुस के दौरान 27 मार्च 2018 को रामभक्तों के उत्साह और उमंग में विशेष उर्जा का संचार करने और उन्हें प्रफ्फुलित करने के लिए तथा समाज में समरसता और एकता का संदेश बिखेरने के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने की मांग की थी। विधायक की मांग के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास के विशेष कार्य पदाधिकारी राकेश कुमार चौधरी ने सदर विधायक के आग्रह पत्र का हवाले देते हुए निदेशक, नागर विमानन विभाग झारखण्ड रांची को पत्र लिखकर आगामी 27 मार्च 2018 को हजारीबाग के ऐतिहासिक रामनवमी जुलुस मार्ग में हेलीकाप्टर से पुष्प- वर्षा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
पत्र के आलोक में नागर विमानन विभाग झारखण्ड, रांची द्वारा वर्ष 2016 के तर्ज़ पर इस वर्ष भी रामभक्तों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कराने का निर्णय लिया गया है। ज्ञात हो की विगत वर्ष 2016 में भी सदर विधायक श्री जायसवाल के आग्रह पर राज्य सरकार द्वारा यहाँ दशमी जुलुस के क्रम में रामभक्तों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कराया गया था। सदर विधायक श्री जायसवाल ने कहा की हजारीबाग का रामनवमी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर चूका है। एकता, अखंडता का प्रतिक हजारीबाग के रामनवमी का इतिहास 100 साल का है। हजारीबाग की रामनवमी सिर्फ धार्मिक आस्था का ही पर्व नहीं है, बल्कि यह धार्मिक अवधारण के अतिरिक्त कला, संस्कृति, सौहार्द एवं भाईचारगी का असीम सरोकार है। यहाँ रामनवमी का वास्तविक स्वरुप दशमी की रात से शुरू होता है जो अनवरत एकादशी के समाप्ति तक जारी रहता है। जुलुस के दौरान सड़कों पर सैकड़ों ऐतिहासिक झांकियों का कतारबद्ध कारवां जहाँ गुलजार करता है, वहीँ रामभक्त एक विशेष जूनून, जोश एक खुमार के साथ भक्तिभाव से लीन होकर तासों की पुरनूर झंकार, गड़गड़ाहट और डीजे के जोर के साथ जमकर थिरकते हैं।
अलौकिक, अद्भुत, अकल्पनीय और अविश्वसनीय दृश्य को देखने के लिए दूर- दराज से लोगों का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ता है। जिसमें हर धर्म, संप्रदाय और हर आयु वर्ग यथा- बाल- वृद्ध- नौजवान और नर- नारी शामिल होते हैं।
उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रहपूर्वक अपील किया की हजारीबाग के ऐतिहासिक रामनवमी के सामाजिक विरासत को अछुन्न रखें और सौहार्दपूर्ण तरीके से भाईचारगी के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामलाला का जन्मोत्सव मनाएं।
सदर विधायक श्री जायसवाल ने यह भी जानकारी दिया की झंडा चौक स्थित विधायक कार्यालय परिसर में रामनवमी जुलुस के दौरान रामभक्तों और श्रधालुओं के सेवा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सांसद – विधायक सेवा केंद्र’ संचालित किया जाएगा। जिसके माध्यम से चना- गुड़ का वितरण, स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर, खोया- पाया केंद्र और प्याऊ की समुचित व्यवस्था की जायेगी।
देखें वीडियो:
उन्होंने कहा की हजारीबाग में रामनवमी लोक उत्सव का रूप धारण कर चूका है। जिसे लेकर जल्द ही सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास कहा से मिलकर हजारीबाग रामनवमी से पूर्व या बाद में हजारीबाग में एक विशेष आयोजन रामनवमी महोत्सव मनाने और इसे राजकीय उत्सव का दर्जा दिलाने की पुरजोर मांग करूँगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिले में विभिन्न नामों से महोत्सव मनाया जाता है जिसे राजकीय उत्सव का दर्जा भी प्राप्त है। ऐसे में हजारीबाग के ऐतिहासिक रामनवमी के नाम से रामनवमी महोत्सव का आयोजन करना सटीक रहेगा। उन्होंने कहा की जिस प्रकार चतरा में इटखोरी महोत्सव, रामगढ़ में रजरप्पा महोत्सव, देवघर में श्रावणी मेला, दुमका में हिजला मेला का आयोजन को राजकीय उत्सव का दर्जा प्राप्त है। ठीक उसी प्रकार हजारीबाग में भी रामनवमी महोत्सव की शुरुआत करके राजकीय उत्सव का दर्जा दिलाने का प्रयास करूँगा।
विगत दिन झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में विशेष पर्वेक्षक के रूप में झारखण्ड पंहुचे भारत सरकार के पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री धर्मेन्द्र प्रधान जी से सदर विधायक मनीष जायसवाल ने विशेष मुलाक़ात करके ज्ञापन सौपकर जगदीशपुर – हल्दिया गैस पाइपलाइन के तहत हजारीबाग शहर को भी शामिल करते हुए यहाँ भी गैस पाइपलाइन निर्माण कराने की मांग रखी। श्री प्रधान ने बताया की प्रथम चरण में झारखंड के चार प्रमुख शहर का चयन इस योजना के तहत किया गया है। जिसमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद शामिल है। उन्होंने सदर विधायक श्री जायसवाल को आश्वस्त किया की द्वितीय चरण में हजारीबाग शहर को भी गैस पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। सदर विधायक ने बताया की गैस की आपूर्ती पाइपलाइन से होने से लोगों को सिलेंडर के बजाय सीधे पाइप से गैस मिलेगा।
उक्त अवसर पर विशेष रुप से सदर विधायक श्री जायसवाल के साथ सांसद प्रतिनिधि प्रो. सुरेंद्र सिन्हा, भाजपा के नगर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिन्हा, नगर पुर्वी मंडल अध्यक्ष प्रफ़ुल कुमार, सदर विधायक प्रतिनिधि बिजय कुमार, कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि किशोरी राणा, मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, भाजपा कार्यकर्ता भरत भुषन पांडेय, भुलन राम मौजुद थे।


