जल दो, नहीं तो जेल दो से गूंज उठा सरिया बाजार

आसिफ
सरिया(गिरिडीह): करोड़ों रुपए की लागत से सरिया में बने जलमीनार हाथी के दांत साबित हो रहे हैं। यहां के लोग स्वच्छ पेयजल से महरूम है इसे लेकर सरिया प्रखंड के आजसू कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को जल दो या जेल दो के नारे के साथ एक रैली निकाली। जो प्रथम वर्गीय चिकित्सालय परिसर सरिया से निकलकर अनुमंडल कार्यालय तक पहुंची। इस जुलूस में दर्जनों की संख्या में महिलाएं सिर पर घड़ा लेकर जुलूस में साथ-साथ चल रही थी। वहीं जल दो या जेल दो के नारे के साथ पूरा सरिया गुंजायमान रहा यह जुलूस अनुमंडल मुख्यालय के दरवाजे पर पहुंचकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव अनूप कुमार पांडेय ने कहा कि लगभग एक दशक पूर्व सरिया में 10 करोड़ की लागत से पेयजल आपूर्ति हेतु दो जलमीनार बनाए गए पूरे सरिया पंचायत में पेयजल हेतु पाइप लाइन बिछाई गई परंतु अब तक लोगों को एक बूंद पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के अंदर नियमित पेयजल की आपूर्ति नहीं की जाती तो आजसू पार्टी उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जवाबदेही प्रशासन पर होगी।
बता दें कि पेयजल की नियमित आपूर्ति हेतु पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा 15 दिनों पूर्व अनुमंडल कार्यालय में एक आवेदन भी दिया गया था। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दिए। वहीं गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की समस्या सताने लगी है।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष रोहित मंडल, वीरेंद्र यादव, संजय राणा, डिंपल यादव, दिलीप रवानी, उमेश पासवान, संतोष कुमार, देव कुमार, इंद्र देव पासवान, जयनाथ, मनोज, उर्मिला देवी, गीता देवी, मीना देवी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।


