जुआ खेलने के दौरान विवाद बढ़ा, तीन युवकों ने की ग्रामीण की हत्या

  • घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने एक युवक को मार डाला

गुमला : जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी गांव में तीन युवकों ने जुआ खेलने के दौरान विवाद होने पर पहले एक ग्रामीण की गला काट कर हत्या कर दी, इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तीन में से एक युवक को पकड़कर मार डाला। मृतक युवक की पहचान आकाश सिंह के रूप में हुई है, उसके पास से दो पिस्टल बरामद हुए हैं। मृतक ग्रामीण की पहचान महेश महतो के रूप में हुई है। जबकि दो युवक अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे। घटना गुरुवार देर रात की है। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।

पुलिस के मुताबिक पूरी घटना जुए के विवाद में घटी। जुए के विवाद में आकाश सिंह ने अपने साथियों के साथ महेश महतो की हत्या कर दी। इससे गुस्साये ग्रामीणों ने उसको पकड़कर मार डाला। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक आकाश स्थानीय भाजपा नेता का बेटा था। घटना के विरोध में ग्रामीण रात में ही सड़क पर निकल गये और शव को उठाने से रोक दिया। एसडीपीओ की अगुआई में बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को तत्काल शांत कराया। बताया जाता है कि जुए के पैसे को लेकर आकाश और महेश में बहस हुई थी। जिसके बाद आकाश ने महेश की गला रेत कर हत्या कर दी। बाद में ग्रामीणों ने आकाश को पकड़ कर उसकी भी हत्या कर दी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More