गिरिडीह में पत्रकार की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन, टावर चौक पर दिया धरना

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में टावर चौक पर धरना देते भाजयुमो कार्यकर्ता।
अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया, निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

गिरिडीह : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को गिरिडीह में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदर्शन किया। भाजयुमो गिरिडीह महानगर के बैनर तले शहर के टावर चौक पर एक दिवसीय धरना देकर कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पत्रकार की गिरफ्तारी पर विरोध जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने की। इस दौरान भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। नेताओं ने इस कार्रवाई को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला बताया।

प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि किसी गंभीर मामले से जुड़ी खबर दिखाने वाले पत्रकार को ही जेल भेज दिया जाएगा, तो लोकतंत्र में सच सामने लाने की स्वतंत्रता कैसे सुरक्षित रहेगी? उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय देने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सरकार से पूरे प्रकरण पर जवाब देने की मांग की।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। टावर चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए।

मौके पर महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नू कांत, सुरेश साव, विनय सिंह, पूर्व विधायक प्रोफेसर जयप्रकाश वर्मा, अनूप सिन्हा, नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकू, विवेक गुप्ता, कुंदन सिंह, सिकंदर हेम्ब्रम, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, संगीता सेठ समेत बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More