Dumka News: अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर 8 जागरूकता रथ रवाना, शपथ व जागरूकता रैली का आयोजन

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते उपायुक्त

दुमका: अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस तथा ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर से उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं चाइल्डलाइन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वयंसेवी संस्था के सहयोग से उपलब्ध कराए गए 8 ‘बाल विवाह मुक्ति रथों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रखंडों और सुदूर पंचायतों तक पहुंचेगा संदेश

बैनर, पोस्टर और ऑडियो-विजुअल संदेशों से सुसज्जित ये आठों जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, हाट-बाजारों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इनका मुख्य उद्देश्य अभिभावकों, ग्राम प्रधानों और युवाओं को कम उम्र में शादी से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति संवेदनशील बनाना है। अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया जाएगा कि बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से ही परिवार और समाज का समग्र विकास संभव है।

सामूहिक शपथ और कानूनी प्रावधानों की जानकारी

रथ रवानगी से पूर्व उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारियों, चाइल्डलाइन टीम, आंगनबाड़ी सेविकाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समाज में किसी भी बाल विवाह को नहीं होने देंगे तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा करेंगे।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कराना, उसमें सहयोग करना या बढ़ावा देना एक गंभीर दंडनीय अपराध है, जिसमें दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

ग्रामीण निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर जोर

उप विकास आयुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम बाल संरक्षण समितियों, सहिया और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, विवाह कराने वाले पुरोहितों, टेंट हाउस और बैंड संचालकों से भी अपील की कि वे किसी भी विवाह समारोह में शामिल होने से पहले वर-वधू की आयु से जुड़े प्रमाण पत्रों की पुष्टि अवश्य करें।

साथ ही आम नागरिकों से आग्रह किया गया कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, संबंधित सीडीपीओ, स्थानीय थाना या चाइल्डलाइन हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 पर सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

नारों से गूंजा शहर, निकली भव्य जागरूकता रैली

शपथ ग्रहण और रथ रवानगी के बाद जिला समाज कल्याण विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्डलाइन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर से शहर के मुख्य मार्गों होते हुए भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में जागरूकता तख्तियां और बैनर लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं ने “18 से पहले नहीं विवाह, यही है बच्चों का अधिकार”, “खेलने-पढ़ने की उम्र है, बाल विवाह जुर्म है”, “पहले पढ़ाई, फिर विदाई”, “बाल विवाह से करें इनकार, बच्चों के सपनों को दें आकार” और “बचपन बचाएं, समाज बढ़ाएं” जैसे नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिकाएं, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्डलाइन व एनजीओ के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More