पप्पू पांडेय
सरिया (गिरिडीह): प्रखंड क्षेत्र के औरवाटाँड गाँव में अहले सुबह उत्पाद विभाग गिरिडीह एवं सरिया पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में अवैध शराब बनाने के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई सरिया अंचल पुलिस निरीक्षक आर.एन. चौधरी कर रहे थे। छापामारी अभियान उक्त गांव के रामु पंडित, शंकर मंडल, बुलाकी मंडल, धनेश्वर मंडल, बुधन पंडित, घनश्याम मंडल तथा बालेश्वर मंडल के घरों में चलाया गया। इस दौरान हजारों लीटर अवैध महुआ शराब को नष्ट किया गया।
वहीं शराब बनाने में प्रयोग आने वाले उपकरण को भी नष्ट कर दिया गया। साथ ही छापामारी दल द्वारा 720 लीटर अवैध महुआ शराब एवं 2000 किलो जावा महुआ को भी जब्त किया गया है। मामले को लेकर पुलिस निरीक्षक आर. एन. चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह छापामारी अभियान चलाया गया। पुलिस के इस कार्यवाई को देखते हुए इन केंद्रों के संचालक भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग एवं सरिया पुलिस के द्वारा क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
अभियान में सरिया थाना के सअनि के सी सिंह, विनोद उपाध्याय, उत्पाद विभाग के अंचल निरीक्षक ललित सोरेन बैजनाथ राम, अनूप कुमार समेत दर्जनों जवान शामिल थे।