रांची कैपिटल की तूफानी बल्लेबाजी, गिरिडीह जॉइंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

गिरिडीह जॉइंट्स को हराकर फाइनल में पहुंची रांची कैपिटल की टीम।
डे-नाइट मेयर लीग टी-20 में रांची का दबदबा, 106 रन का लक्ष्य महज 9 ओवर में किया हासिल

हजारीबाग: हजारीबाग शहर के प्रतिष्ठित संजय सिंह स्टेडियम (वेल्स ग्राउंड) में आयोजित मेयर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के रोमांचक मुकाबले में मंगलवार की रात रांची कैपिटल ने गिरिडीह जॉइंट्स को 7 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डे-नाइट मुकाबला शाम 7 बजे शुरू हुआ और देर रात तक क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच खेला गया। फ्लडलाइट की रोशनी में जगमगाते मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

टॉस जीतकर रांची कैपिटल ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गिरिडीह जॉइंट्स की टीम रांची के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

106 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची कैपिटल की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैदान पर अपना दबदबा कायम किया। बल्लेबाजों ने आकर्षक चौकों और छक्कों की बरसात कर क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। रांची कैपिटल ने महज 9 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शानदार प्रदर्शन करने वाले युवराज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

मैच के दौरान महापौर अरविंद राणा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और खेल के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संयोजक कुणाल के नेतृत्व में बेहतर व्यवस्था की गई थी। मुकाबले में अंपायर की भूमिका कुणाल कुमार एवं खुर्शीद आलम ने निभाई। वहीं, उद्घोषक के रूप में चंदन सिंह एवं शरीफुल्ला गुड्डू ने दर्शकों के बीच मैच का रोमांच बनाए रखा, जबकि स्कोरर की अहम जिम्मेदारी अनिकेतन ने निभाई।

डे-नाइट क्रिकेट मुकाबले ने हजारीबाग के क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया। रांची कैपिटल की शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट अब फाइनल मुकाबले की ओर बढ़ गया है, जहां खिताब के लिए रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। फाइनल मुकाबला बाबा बैद्यनाथ देवघर और रांची कैपिटल के बीच खेला जाएगा।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More