अमृत सरोवरों पर गूंजेगा संविधान का संदेश, जल संरक्षण और स्वच्छता का भी लेंगे संकल्प

युवाओं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, वीबी-जी राम जी के श्रमिकों और जीविका दीदियों की होगी सक्रिय भागीदारी
पटना: भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में 26 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर भव्य रूप से संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में संविधान के आदर्शों, मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इसके साथ ही जल और पर्यावरण संरक्षण में स्थानीय समुदाय की सहभागिता को प्रोत्साहित करना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।
ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के माध्यम से वीबी-जी राम जी के आयुक्त अंजनि कुमार ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों (सह-जिला कार्यक्रम समन्वयक) और उप विकास आयुक्तों (सह-अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक) को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के पत्र के आलोक में ये दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए इसमें विशेष रूप से युवाओं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, वीबी-जी राम जी के श्रमिकों और जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अमृत सरोवर स्थलों पर कई प्रेरक गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों व मूल्यों पर संक्षिप्त परिचर्चा प्रमुख हैं। इसके साथ ही प्रतिभागी जल संरक्षण, स्वच्छता और अमृत सरोवरों के संरक्षण की सामूहिक शपथ लेंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवा क्लबों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही, सरोवर स्थलों के आसपास स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विभाग की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इन कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित विभागों और स्थानीय समुदाय के आपसी समन्वय से किया जाए। आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम जी और अन्य प्रासंगिक योजनाओं के साथ अभिसरण करते हुए उपलब्ध संसाधनों का नियमानुसार उपयोग किया जा सकता है। आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया और सामुदायिक माध्यमों की मदद ली जाएगी।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी जिलों को एक संक्षिप्त प्रतिवेदन तैयार कर राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराना होगा। इस रिपोर्ट में जिले के उन कुल अमृत सरोवर स्थलों की संख्या, जहां कार्यक्रम आयोजित किए गए, कार्यक्रमों में शामिल कुल प्रतिभागियों की संख्या और आयोजित गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण शामिल रहेगा। साथ ही, कार्यक्रम के पांच से दस उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ भी भेजने होंगे, जिन पर संबंधित अमृत सरोवर की आईडी, पंचायत, प्रखंड और जिले का नाम स्पष्ट रूप से अंकित होगा।
मंत्री का बयान
ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अमृत सरोवरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम से लोगों को अपने मौलिक अधिकारों और संविधान में प्रदत्त कर्तव्यों के प्रति जागरूकता आएगी। साथ ही, चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियान से लोग साफ-सफाई के प्रति संवेदनशील होंगे। इस अवसर पर वीबी-जी राम जी योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम से इसके क्रियान्वयन की राह काफी आसान होगी और ग्रामीण लोग इस योजना का पूरा लाभ उठा सकेंगे।


