3,044 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, हुनर निखारकर रोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य: हेमन्त सोरेन

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में अधिक से अधिक युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें। मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न नियोक्ता एवं उद्योग संस्थानों द्वारा चयनित 3,044 युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए।

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से इन युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी के रूप में कार्यरत प्रेझा फाउंडेशन ने राज्यभर में संचालित गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 3,044 युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा है। समारोह में रोजगार प्राप्त युवाओं को सम्मानित करने के साथ कौशल विकास की इस मुहिम को और गति देने का संकल्प लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इंजीनियरिंग की चार साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से युवाओं को नौकरी मिल जाती थी, लेकिन अब समय बदल गया है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है। ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ हुनर और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। युवाओं को समय के अनुसार खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने एचईसी का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी इसे मदर फैक्ट्री के रूप में जाना जाता था। इस संस्थान ने देश के कई उद्योगों को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन समय के साथ बदलाव नहीं होने के कारण आज इसकी स्थिति बदल गई है। सफलता के लिए समय के साथ चलना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसके पास कौशल और हुनर है, वह कभी कमजोर नहीं होगा। अपने हुनर के बल पर युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि परिवार और समाज को भी मजबूत बना सकते हैं। प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से प्रशिक्षित युवक-युवतियां देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और रोजगार से जुड़ रहे हैं।
आईआईटी मद्रास और टीवीएस फाउंडेशन के साथ एमओयू

झारखंड के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास की पहल ‘प्रवर्तक-एआई फॉर ऑल’ के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रेझा फाउंडेशन और टीवीएस फाउंडेशन के बीच भी एमओयू हुआ। आईआईटी मद्रास के साथ हुए समझौते पर प्रेझा फाउंडेशन के कल्याण चक्रवर्ती और आईआईटी मद्रास के बाला मुरली शंकर ने हस्ताक्षर किए। वहीं, टीवीएस फाउंडेशन के साथ हुए समझौते पर कल्याण चक्रवर्ती और कृष्ण कुमार प्रभु ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन समझौतों से युवाओं को नई तकनीक सीखने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
पुरुषों को भी दिया जाएगा नर्सिंग का प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में केवल महिलाओं और लड़कियों के काम करने की धारणा को बदलने की जरूरत है। राज्य सरकार ने पुरुषों को भी स्टाफ नर्स के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। कई बड़े और छोटे अस्पतालों में पुरुष स्टाफ नर्स बड़ी संख्या में काम कर रहे हैं। इसी तरह टेक्सटाइल उद्योग में भी अब पुरुषों के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष के काम में अब कोई भेदभाव नहीं रह गया है। महिलाएं भी नाइट शिफ्ट और ओवरटाइम में काम कर रही हैं।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रावासों में भोजन की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार किया जा रहा है और इन विद्यालयों की संख्या बढ़ाई जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी राज्य के अभ्यर्थियों को सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कल्याण विभाग के तहत संचालित आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के रहने और खाने की व्यवस्था सरकार करेगी। इसके लिए आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी। राज्य सरकार युवाओं को पायलट बनाने के लिए भी प्रशिक्षण दे रही है। इसके तहत चयनित 15 युवाओं को सरकारी खर्च पर कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। भविष्य में एयर होस्टेस कोर्स को भी इस पहल से जोड़ने की योजना है।
स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होगा प्रशिक्षण मॉडल
मुख्यमंत्री ने प्रेझा फाउंडेशन और राज्य के अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्रों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसा प्रशिक्षण मॉडल तैयार किया जाए, जिससे राज्य में संचालित उद्योगों और विकास कार्यों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां के कई जिलों में खनन, बिजली उत्पादन, स्टील उद्योग, सोना और यूरेनियम खनन जैसे कार्य हो रहे हैं। इन क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने से उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
देश-विदेश में कार्यरत युवाओं से मुख्यमंत्री ने की बातचीत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के अलावा देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में काम कर रहे झारखंड के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की। उन्होंने दुबई में कार्यरत गुमला जिले के राजधन उरांव से उनके कार्य अनुभव की जानकारी ली। वहीं, तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रहीं खूंटी जिले के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से भी संवाद किया। प्रशिक्षण के बाद रोजगार और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे युवक-युवतियों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तलाशने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, प्रेझा फाउंडेशन के निदेशक कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षित युवक-युवतियां और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी उपस्थित थे।


