कैंसर मरीजों के लिए पीएमसीएच में बढ़ीं सुविधाएं, 25 बेड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती

कैंसर मरीजों के लिए निःशुल्क कीमोथेरेपी की सुविधा
पटना: बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को जन-जन तक सुलभ बनाने के लिए लगातार विस्तार किया जा रहा है। हाल ही में एलएनजेपी हड्डी अस्पताल में स्पोर्ट्स इंजरी के मरीजों के बेहतर उपचार के लिए डेडिकेटेड सेंटर की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में प्रदेश के सुप्रसिद्ध अस्पताल पीएमसीएच में पुनर्विकास योजना के फेज-1 के तहत अस्पताल भवन के टावर-3 का उद्घाटन किया गया है। वहीं, अब गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए कैंसर वार्ड में भी बड़ा बदलाव किया जा रहा है। इसके तहत बेड और कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों (ऑन्कोलॉजिस्ट) की व्यवस्था की गई है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए पीएमसीएच के अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अस्पताल की सीयूबी बिल्डिंग में कैंसर मरीजों के लिए 5 ऑन्कोलॉजी डॉक्टरों और 25 बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें 2 ऑन्कोसर्जन, 1 ऑन्कोगाइनी और ऑन्को मेडिसिन की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि बेड की संख्या बढ़ने से रोजाना 70 से 80 कैंसर मरीजों का सटीक उपचार किया जा रहा है।
मरीजों की सुविधा के लिए सीयूबी बिल्डिंग में संचालित हो रहा कैंसर वार्ड
अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मरीजों को इलाज में सहूलियत मिल सके, इसके लिए पीएमसीएच परिसर की सीयूबी बिल्डिंग में कैंसर वार्ड संचालित किया जा रहा है। इस व्यवस्था को और सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष प्रोटोकॉल और एसओपी तैयार किए गए हैं।
पांच विशेषज्ञ कैंसर चिकित्सकों के सहयोग के लिए 8 जीआर तैनात
पीएमसीएच में मरीजों की सेवा के लिए पांच विशेषज्ञ कैंसर चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ 8 जीआर तैनात किए गए हैं। अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर मरीजों के लिए 5 मेडिकल ऑफिसर भी मौजूद रहेंगे, ताकि आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को दवा और उपचार के लिए जरूरी सेवाएं मिल सकें।
राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री का संकल्प है कि बिहार के हर व्यक्ति को छोटे-बड़े इलाज के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं एवं जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को राज्य से बाहर जाने की जरूरत न पड़े।


