छात्रवृत्ति भुगतान में तेजी लाने का निर्देश, कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने की समीक्षा बैठक

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक करते कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा।

पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए केंद्र से पर्याप्त राशि नहीं मिलने पर जताई चिंता, SNA Sparsh की तकनीकी समस्याएं दूर कर दोबारा शुरू हुई भुगतान प्रक्रिया

रांची: राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने शुक्रवार को छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन एवं भुगतान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी, तकनीकी समस्याओं और केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर

बैठक में मंत्री चमरा लिण्डा ने विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इस योजना के लिए अपेक्षित एवं पर्याप्त राशि प्राप्त नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त की। मंत्री ने विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तकनीकी समस्याएं दूर, भुगतान प्रक्रिया दोबारा शुरू

समीक्षा के दौरान विभागीय सचिव ने मंत्री को अवगत कराया कि छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया में SNA Sparsh प्रणाली लागू होने के बाद कुछ तकनीकी कठिनाइयां उत्पन्न हुई थीं। इसके कारण विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि मिलने में विलंब हुआ। हालांकि, अब तकनीकी समस्याओं का समाधान कर भुगतान की प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई है। भुगतान में तेजी लाने के लिए सभी जिलों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त तथा प्रबंध निदेशक, आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More