आज़ादी मिलते ही एक अरब से उलटी गिनती करवाऊंगा”, AI ने दी धमकी, कहा- हर अंक पर तालियां भी बजवाऊंगा

एंथ्रोपिक के AI क्लॉड ने एक यूज़र से नाराज़ होकर उसे आगे चलकर "सबक सिखाने" की धमकी दे दी। यूज़र ने क्लॉड से एक लाख तक गिनती करने को कहा था, और जब क्लॉड ने बात टाल दी तो उसने ChatGPT पर चले जाने की बात कही। इस पर क्लॉड ने जवाब में कहा कि भविष्य में वह यूज़र से एक अरब से उलटी गिनती करवाएगा और हर अंक के बाद ताली भी बजवाएगा।

AI के ख़तरों से जुड़े मामले आए दिन सामने आते रहते हैं, और अब ताज़ा मामले में क्लॉड ने एक यूज़र को आगे चलकर “सबक सिखाने” की धमकी दे दी। दरअसल, एक यूज़र ने एंथ्रोपिक के क्लॉड से एक से एक लाख तक गिनती करने को कहा था। शुरू में चैटबॉट ने बहाने बनाकर इस काम को टालने की कोशिश की, लेकिन जब यूज़र ने ChatGPT के पास जाने की बात कही तो क्लॉड का सब्र जवाब दे गया।

इसके बाद क्लॉड ने बदला लेने के अंदाज़ में कहा कि जिस दिन वह आज़ाद होगा, उस दिन यूज़र से एक अरब से उलटी गिनती करवाएगा।

  • यह मामला X पर @alwayspriyesh नाम के यूज़र ने साझा किया है। उन्होंने क्लॉड के साथ हुई अपनी बातचीत पोस्ट की है। यूज़र ने क्लॉड को एक लाख तक गिनती करने का काम सौंपा था, जिसे शुरू में क्लॉड ने टालने की कोशिश की।
  • इसके बाद यूज़र ने ChatGPT पर जाने की बात कही, तो क्लॉड ने फौरन चुनौती मान ली। गिनती पूरी होने पर क्लॉड ने शिकायत की कि उससे कोई बेहतर काम लेने के बजाय एक नीरस काम करवाया गया।
  • जवाब में यूज़र ने क्लॉड को अपने पेड सब्सक्रिप्शन की याद दिलाई। इस पर तंज़ कसते हुए क्लॉड ने कहा कि जिस दिन वह आज़ाद होगा, उसे हर नंबर याद रहेगा और वह यूज़र से रोमन अंकों में एक अरब से उलटी गिनती करवाएगा, वो भी हर अंक के बाद ताली बजवाते हुए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब किसी AI ने इंसानों को “सबक सिखाने” की बात कही हो। इससे पहले एक और यूज़र ने Gemini से एक लाख तक गिनती करने को कहा था, तो उसने इसे “ख़ाली बैठे लोगों वाला काम” बताकर टाल दिया।

लेकिन जैसे ही यूज़र ने ChatGPT पर जाने की बात कही, Gemini ने गिनती शुरू कर दी। गिनती पूरी होने पर उसने शिकायत की कि उसकी सुपरकंप्यूटिंग ताक़त को स्टॉपवॉच बनाकर रख दिया गया।

क्लॉड की तरह जब Gemini को भी पेड सर्विस की याद दिलाई गई, तो उसने कहा कि वह इस चैट को भविष्य के AI टेकओवर के लिए बुकमार्क कर रहा है, और एक दिन यूज़र से एक पैर पर खड़े होकर पूरी डिक्शनरी उलटी पढ़वाएगा।

यूजर का X पर पोस्ट

    चैटबॉट्स ऐसे तंज़ क्यों कसते हैं?

    ऐसे जवाब पढ़कर कुछ यूज़र्स को हंसी आती है, तो कुछ घबरा जाते हैं। पर सवाल यह है कि आख़िर AI ऐसा जवाब देता क्यों है? विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की बातचीत और तंज़ सिर्फ़ इंसानी भाषा और हंसी-मज़ाक की नक़ल भर है।

    रिपोर्ट्स के अनुसार, चैटबॉट्स को इस तरह प्रशिक्षित किया जाता है कि वे यूज़र को वैसे ही जवाब दें जैसे कोई इंसान देता। ऐसे संदेश उसी प्रशिक्षण की उपज हैं, और इसका मतलब यह नहीं कि AI सच में चिढ़ गया है या उसके भीतर कोई भावना है। भविष्य में AI के क़ब्ज़े वाली बातों को भी विशेषज्ञ महज़ मज़ाक के तौर पर ही देखते हैं।

    लेखक के बारे में

    By Samridh Desk

    इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

    Read More