Apple ने OpenAI पर ठोका मुकदमा, गोपनीय तकनीक और डिजाइन चोरी करने का लगाया आरोप
-1024x614.jpeg)
दुनिया की दो बड़ी टेक कंपनियों Apple और OpenAI के बीच कानूनी विवाद गहरा गया है। Apple ने कैलिफोर्निया के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में OpenAI, उसके मुख्य हार्डवेयर अधिकारी टैंग टैन और पूर्व Apple इंजीनियर चांग लियू समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि OpenAI ने आगामी हार्डवेयर उत्पादों से जुड़े व्यापारिक रहस्य, डिजाइन और गोपनीय तकनीकी दस्तावेज हासिल करने की सुनियोजित कोशिश की।
मुकदमे के अनुसार, टैंग टैन ने OpenAI में भर्ती प्रक्रिया के दौरान Apple कर्मचारियों को कंपनी के अप्रकाशित उत्पादों, डिजाइन, कंपोनेंट्स और तकनीकी दस्तावेज साझा करने के लिए प्रेरित किया। वहीं चांग लियू पर आरोप है कि उन्होंने OpenAI के लिए काम करते समय Apple की गोपनीय हार्डवेयर फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनाई।
Apple का यह भी आरोप है कि OpenAI ने कुछ कर्मचारियों को कंपनी छोड़ते समय इस तरह की सलाह दी, जिससे वे गोपनीय फाइलों तक अपनी पहुंच बनाए रख सकें। कंपनी ने इसे कॉर्पोरेट गोपनीयता समझौतों का उल्लंघन बताया है।
हालांकि OpenAI ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि उसे किसी अन्य कंपनी के व्यापारिक रहस्यों में कोई रुचि नहीं है और वह स्वतंत्र रूप से नई AI तकनीक विकसित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
गौरतलब है कि हाल तक Apple और OpenAI AI क्षेत्र में साझेदार थे और ChatGPT को Apple Intelligence व Siri से जोड़ा गया था। लेकिन OpenAI के हार्डवेयर क्षेत्र में विस्तार और Apple के कई पूर्व कर्मचारियों के OpenAI से जुड़ने के बाद दोनों कंपनियों के संबंधों में तनाव बढ़ गया है।




