इंदिरा गांधी और सीताराम केसरी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने दोनों के योगदान को किया याद, राष्ट्रसेवा और समर्पण के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी की जयंती प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पूरी दुनिया इंदिरा गांधी को नारी शक्ति एवं सशक्त नेतृत्व के प्रतीक के रूप में जानती है। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने सहित उनके द्वारा लिए गए अनेक ऐतिहासिक निर्णयों के लिए उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा। सर्वधर्म समभाव एवं धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों को मजबूती प्रदान करने वाली इस महान नेत्री ने सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में कांग्रेस के योगदान को नई पहचान दिलाई। वक्ताओं ने कहा कि भुवनेश्वर की सभा में इंदिरा गांधी द्वारा कहा गया यह कथन कि, “मैं रहूं या न रहूं, मेरा एक-एक कतरा देश के काम आएगा”, आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा एवं समर्पण की प्रेरणा देता है।
वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी के चार मूल मंत्र—दूरदृष्टि, पक्का इरादा, कड़ी मेहनत और अनुशासन—आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। देश के प्रति उनकी सच्ची सेवा, निष्ठा और समर्पण ने उन्हें एक महान व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई दिशा मिली तथा विकासशील देशों की अग्रिम पंक्ति में भारत को स्थापित करने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी के जीवन एवं राजनीतिक योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि सीताराम केसरी ने एक साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और अपने संघर्ष, संगठनात्मक क्षमता, निष्ठा एवं समर्पण के बल पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचे। उनका जीवन कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में राकेश सिन्हा, कुमार गौरव, के.के. गिरि, राजन वर्मा, ज्योति सिंह मथारू, उमेश चौधरी, मनोज सहाय पिंकू, नेली नाथन, जगदीश साहू, सुरेन राम, जितेन्द्र त्रिवेदी, कमल ठाकुर, निशांत प्रकाश जायसवाल, राजू राम, जगन्नाथ साहू, नरेन्द्र लाल गोपी, अवधनारायण प्रसाद, संजय कुमार, वीरेन्द्र विक्रम, फरहान आलम, प्रभात कुमार, फिरोज रिजवी, अनीशा तिर्की, अनिता टोप्पो एवं रामानंद केसरी सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल थे।


