पुत्रों की दीर्घायु के लिये किया जाता है जिउतिया पर्व

  • जिउतिया को लेकर बाजार रहे गुलजार
अनीता अग्रवाल
लोहरदगा: नहाय- खाय के साथ सोमवार को श्रद्धा और आस्था का पर्व जिउतिया आरंभ हुआ। मंगलवार को व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखेंगी। जिउतिया अर्थात जीवित्पुत्रिका व्रत का विशेष महत्व है, जीवित्पुत्रिका व्रत माताएं अपनी संतान की सुरक्षा, स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु होने के लिए करती रही हैं।
हिंदू पंचांग के अनुसार यह व्रत आश्विन माह कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मनाया जाता है। यह पर्व बिहार और झारखंड के अलावा उत्तरप्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल में भी मनाया जाता है। जिउतिया पर्व को लेकर बाजार में सोमवार को गहमा- गहमी रही। खासकर महिलाओं की भीड़ अधिक देखी गयी। पुत्रों के दीर्घायु होने के लिए मनाये जाने वाले पर्व जिउतिया को लेकर सोमवार को बाजारों में काफी चहल पहल देखी गयी। लोगों ने खासकर महिलाओं ने सोने तथा पीतल के बने जिउतिया एवं अन्य पूजन सामग्रियों की जमकर खरीदारी की।
खरीदारी को लेकर सुबह से ही बाजारों में काफी भीड़ भाड़ देखी गयी। जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में इस पर्व को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा था। सर्वाधिक भीड़ स्वर्णकारों के दुकानों पर देखने को मिल रही थी।
महिलाएं सोने की बनी जिउतिया खरीदने में मशगुल दिख रही थी वहीं स्वर्णकारों ने भी जिउतिया की मांग को देखते हुए पूर्व से हीं तैयारी कर रखी थी। पुत्रों के अनुसार जिउतिया पहनने का रिवाज रहा है। इसको लेकर महिलाएं सोने एवं रेशम के धागों की बनी जिउतिया खरीद रही थी। वहीं नहाय खाय को लेकर सतपुतिया, कंदा,नोनी के साग की भी खूब बिक्री हुयी। साथ ही कुशही केराव तथा मडुवा के आटे की भी खूब बिक्री हुई।
क्या है जिउतिया व्रत की कथा :
कहते हैं कि प्राचीनकाल में जीमूतवाहन नामक का एक राजा था। वह बहुत दयालु और न्यायप्रिय था। जब उनका मन राजपाट में नहीं लगने लगा तो राज्य का भार अपने भाइयों पर छोड़कर वह स्वयं वन में पिता की सेवा करने चला गया। एक दिन वन में जीमूतवाहन को एक वृद्धा के रोने की आवाज सुनायी दी। वे उस वृद्धा के समीप पहुंचे। उन्होंने वृद्धा से उसके रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि मैं नागवंश की स्त्री हूं तथा मेरा एक ही पुत्र है। नागों द्वारा रोज एक नाग पक्षीराज गरुड़ को भोजन के लिए दिया जाता है। आज मेरे पुत्र शंखचूड़ की बलि का दिन है। उस वृद्धा की व्यथा सुनकर जीमूतवाहन ने कहा कि मैं आपके पुत्र के प्राणों की रक्षा जरूर करूंगा। जीमूतवाहन वचन देकर स्वयं गरुड़ को बलि देने के लिए चुने गए स्थान पर लेट गए। गरुड़ नाग के स्थान पर जीमूतवाहन को देखकर आश्चर्य में पड़ गए और जीमूतवाहन से उनका परिचय पूछा।
जीमूतवाहन ने गरुड़ को सारी बात सच-सच बता दी। जीमूतवाहन की बहादुरी और परोपकार की भावना से प्रभावित होकर गरुड़देव उन्हें तथा नागों को जीवनदान दिया। इसके बाद से ही जिउतिया व्रत का विधान शुरू हुआ।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More