शराब दुकान से 15.40 लाख रुपये गबन कर कर्मचारी कमलेश यादव फरार, हरला थाना में प्राथमिकी दर्ज

बोकारो की शराब दुकान से 15.40 लाख रुपये के गबन का आरोप।

बोकारो: बोकारो के सेक्टर-9 बी शॉपिंग सेंटर स्थित शराब दुकान से करीब 15 लाख 40 हजार रुपये का गबन कर दुकान का ही एक कर्मचारी कमलेश यादव फरार हो गया। दुकान के मालिक मिहिर अथर्व का आरोप है कि कमलेश यादव दुकान में शराब का स्टॉक रहने के बावजूद शराब खत्म होने की बात कहकर उनसे बार-बार अतिरिक्त शराब की मांग करता था।

इसको लेकर दुकान मालिक को संदेह हुआ। उन्होंने दुकान पर जाकर जांच की तो पाया कि पर्याप्त शराब रहने के बावजूद कर्मचारी बार-बार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर और शराब मांगता था। दुकान मालिक ने जब स्टॉक पेपर की जांच की, तो उसमें दर्ज माल और दुकान में उपलब्ध शराब की मात्रा में अंतर मिला। आरोप है कि कमलेश यादव स्टॉक पेपर में हेराफेरी करता था।

दुकान मालिक ने जब पूरे हिसाब का मिलान किया, तो करीब 15 लाख 40 हजार रुपये की गड़बड़ी सामने आई। कमलेश यादव से जब उक्त राशि की मांग की गई, तो उसने कुछ दिनों में पैसे लौटाने की बात कही और इसके बाद फरार हो गया।

इसके बाद दुकान मालिक ने 22 अक्टूबर को हरला थाना में कमलेश यादव के खिलाफ उक्त राशि के गबन का लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।

मिली जानकारी के मुताबिक, कमलेश यादव इससे पहले सरकार द्वारा संचालित सेक्टर-1 स्थित शराब दुकान से भी करीब 75 लाख रुपये की शराब का गबन करने का आरोपी है। वहां से हटाए जाने के बाद उसने धनबाद जिले के भूली स्थित एक शराब दुकान में काम शुरू किया था। आरोप है कि वहां से भी करीब 20 लाख रुपये की शराब का गबन किया था।

इस तरह कमलेश यादव पर अब तक करोड़ों रुपये की शराब के गबन के आरोप लग चुके हैं। सेक्टर-9 बी स्थित शराब दुकान के मालिक ने हरला थाना पुलिस से आरोपी कमलेश यादव को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और गबन की गई करीब 15 लाख 40 हजार रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

वहीं, हरला थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More