Giridih News: बिरनी के केंदुआ पंचायत में आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय निर्माण का रास्ता साफ

गिरिडीह: जिले के सुदूरवर्ती बिरनी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केंदुआ के हजारों छात्रों और युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से पुस्तकालय की मांग कर रहे इस पंचायत में अब एक आधुनिक और विशाल सार्वजनिक पुस्तकालय का निर्माण होने का रास्ता साफ हो गया है। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी का कार्यालय, गिरिडीह (जिला योजना शाखा) ने पत्रांक 1191/यो० दिनांक 05/11/2026 जारी कर प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिरनी को स्थल जांच का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, केंदुआ पंचायत के युवा सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार, पिता ग्राम केंदुआ, पोस्ट जवाहर नगर, थाना बिरनी द्वारा लगातार पुस्तकालय निर्माण के लिए प्रयास किया जा रहा था। कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड सरकार सहित जिला प्रशासन को आवेदन देकर बताया था कि केंदुआ पंचायत घोर नक्सल प्रभावित और शैक्षिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र है। यहां के गरीब छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे JSSC, SSC, रेलवे, पुलिस और शिक्षक नियुक्ति की तैयारी के लिए 20 से 25 किलोमीटर दूर गिरिडीह शहर जाना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। कई छात्राएं तो दूरी के कारण पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं।
इसी आवेदन को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार के उप सचिव के पत्रांक 8508506/मुं०मं०स० दिनांक 12.10.2026 के आलोक में जिला योजना पदाधिकारी, गिरिडीह ने यह कार्रवाई की है। जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि राजेश कुमार द्वारा पंचायत केंदुआ में पुस्तकालय निर्माण योजना के कार्यान्वयन से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। अतः उक्त योजना का स्थल जांच कर इसकी आवश्यकता, उपयोगिता एवं कार्य करने योग्य योजना है या नहीं, इससे संबंधित प्रतिवेदन, भूमि विवरणी तथा चार अलग-अलग Geotag फोटोग्राफ के साथ यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की कृपा की जाए ताकि अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।
बताया जाता है कि पुस्तकालय निर्माण के लिए राजेश कुमार ने अपनी निजी पहल पर पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध कराई है। भूमि का विवरण – खाता नंबर 29, प्लॉट नंबर 844, रकबा 1 एकड़ 20 डिसमिल ग्राम केंदुआ में स्थित है जो सभी विवादों से मुक्त बताई जा रही है। प्रस्तावित पुस्तकालय का आकार 2500 स्क्वायर फीट होगा, जिसमें एक बड़ा अध्ययन कक्ष, ई-लाइब्रेरी, प्रतियोगी पुस्तकों का संग्रह और शांत वातावरण में पढ़ने की सुविधा होगी। पुस्तकालय का नाम “केंदुआ बिरनी सार्वजनिक पुस्तकालय” प्रस्तावित है।
इस आदेश के बाद पूरे पंचायत में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह पुस्तकालय बन जाता है तो यह केवल पुस्तकालय नहीं बल्कि पूरे समुदाय का सामाजिक और शैक्षिक केंद्र बनेगा। यहां के युवाओं को गांव में ही उच्च स्तरीय शिक्षा और मार्गदर्शन मिलेगा। ग्रामीणों ने युवा सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार के इस प्रयास की सराहना की है।
अब सभी की निगाहें प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिरनी की स्थल जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट में भूमि की उपयुक्तता और योजना की आवश्यकता सिद्ध होते ही जिला योजना शाखा द्वारा इसका डीपीआर बनाकर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। जिला योजना पदाधिकारी के इस पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, गिरिडीह और सरकार के उप सचिव, झारखंड को भी सूचनार्थ भेजी गई है, जिससे स्पष्ट है कि इस योजना पर राज्य सरकार की भी सीधी नजर है।


