Giridih News: चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर कायस्थ समाज ने दिखाई एकजुटता

गिरिडीह: भगवान चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर कायस्थ समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत झंडा मैदान से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पूरे शहरी क्षेत्र का भ्रमण कर संपन्न हुई। इस दौरान कायस्थ समाज के लोगों ने अपनी एकजुटता, सामाजिक समरसता और संगठन की ताकत का परिचय दिया।
शोभायात्रा के दौरान शहर के बरगंडा चौक स्थित राज टेलीकॉम के समीप वार्ड पार्षद सह भाजपा नेता संजीव कुमार, कविराज एवं गौरव के नेतृत्व में कायस्थ समाज के लोगों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा में शामिल लोगों के बीच मीठे शरबत का वितरण किया गया। साथ ही पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों का अभिनंदन किया गया। स्वागत और सम्मान से शोभायात्रा में शामिल लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर संजीव कुमार ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का भी अवसर है। समाज की एकता और आपसी सद्भाव ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिंस, श्वेतांक, यश सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।




