Koderma News: गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धूमधाम से मनाया गया बंदी छोड़ दिवस

कोडरमा: गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में दिवाली तथा बंदी छोड़ दिवस अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विशेष दीवान (धार्मिक सभा) सजाया गया। कार्यक्रम के दौरान ज्ञानी राजा सिंह, सुरेन्द्र कौर तथा हरभजन सिंह द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन का गायन किया गया एवं आनंद साहिब का पाठ संपन्न हुआ। इसके उपरांत ज्ञानी राजा सिंह ने सिख इतिहास पर प्रकाश डालते हुए संगत को इस दिन का महत्त्व समझाया।
बंदी छोड़ दिवस का ऐतिहासिक महत्त्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्ञानी जी ने बताया कि आज ही के दिन सिखों के छठे गुरु, श्री गुरु हरगोविंद साहिब जी ने 52 हिंदू राजाओं को मुग़ल बादशाह जहांगीर की कैद से मुक्त कराया था। उन्होंने इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि सिख धर्म के बढ़ते प्रभाव से क्रोधित होकर शासक जहांगीर ने गुरु हरगोविंद साहिब जी को ग्वालियर के किले में कैद कर दिया था । जहाँ पहले से 52 हिंदू राजा बंदी थे। गुरु जी को कैद करने के बाद जहांगीर अस्वस्थ रहने लगा। तब उसके सूफी संत मियाँ मीर ने उसे सलाह दी कि वह सिखों के गुरु को रिहा कर दे।
जब जहांगीर ने गुरु जी को रिहा करने का आदेश दिया, तो गुरु हरगोविंद साहिब जी ने अकेले रिहा होने से इनकार कर दिया और सभी 52 राजाओं की रिहाई की शर्त रखी। इस पर जहांगीर ने शर्त रखी कि जितने राजा गुरु जी का वस्त्र (चोला) पकड़कर बाहर निकल सकेंगे, उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। गुरु जी ने विशेष रूप से 52 कलियों (कलि/छोर) वाला एक चोला सिलवाया और प्रत्येक राजा ने एक-एक कली पकड़कर किले से मुक्ति पाई। इसी ऐतिहासिक विजय और दया की याद में सिख समुदाय दिवाली के दिन ‘बंदी छोड़ दिवस’ मनाता है।
कड़ाह प्रसाद का वितरण
दीवान की समाप्ति रात 09:00 बजे हुई। इसके पश्चात उपस्थित समस्त संगत के बीच कड़ाह प्रसाद एवं मिठाई का प्रसाद वितरित किया गया। इस पावन अवसर पर पूरा गुरुद्वारा परिसर श्रद्धालुओं की काफी उपस्थिति से सराबोर रहा।


