दीपावली पर टाटा वर्कर्स यूनियन का तोहफा, 114 बेड वाले कैंसर रेस्ट हाउस का उद्घाटन

जमशेदपुर: दीपावली के शुभ अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन की पहल से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का सपना साकार हुआ। कैंसर से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को राहत एवं बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कैंसर रेस्ट हाउस में 114 बेड के साथ आधुनिक सुविधाओं और केबिन की व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आरामदायक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

इस कैंसर रेस्ट हाउस का उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, डी.बी. सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, सभी पदाधिकारी और टाटा वर्कर्स यूनियन के अनेक यूसीएम उपस्थित रहे।
यह परियोजना टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) द्वारा संयुक्त रूप से वित्तपोषित है, जबकि इसके संचालन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) को दी गई है।

इस परियोजना को सफल बनाने में टाटा स्टील का सहयोग और योगदान महत्वपूर्ण रहा है। टाटा स्टील के निरंतर सहयोग और टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रयासों से यह जनहितकारी पहल साकार हो पाई है। इसके लिए टाटा स्टील प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
यह उपलब्धि टाटा वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व, निरंतर प्रयासों और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। यूनियन ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की है।


