Bokaro News: डीपीएस बोकारो में ‘जॉय ऑफ गिविंग’ सप्ताह संपन्न

बोकारो: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकार से जोड़ने तथा उनके भीतर करुणा, सहानुभूति व मानवीय मूल्यों का बीजारोपण करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में सप्ताहव्यापी ‘जॉय ऑफ गिविंग’ कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया।
इस विशेष पहल के तहत समाज में आर्थिक व सामाजिक भेदभाव को मिटाने का संदेश देते हुए डीपीएस बोकारो की ओर से अभिवंचित वर्ग के बच्चों के निःशुल्क शिक्षण हेतु संचालित दीपांश शिक्षा केंद्र के छात्र-छात्राओं को भागीदार बनाया गया। विद्यालय की सीनियर और प्राइमरी, दोनों ही इकाइयों में आयोजित इस सप्ताहव्यापी आयोजन ने पूरे परिसर को आत्मीयता, उदारता और भ्रातृत्व के अनूठे प्रकाश से आलोकित कर दिया।
डीपीएस बोकारो के छात्र-छात्राओं ने दीपांश शिक्षा केंद्र के बच्चों का अत्यंत उत्साह और खुले दिल से स्वागत किया। बच्चों ने एक साथ मिलकर विद्यालय की प्रार्थना की और एक-दूसरे के साथ बैठकर अपना टिफिन साझा किया। दीपावली के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने मिलकर मूर्तिकला के गुर सीखे, मिट्टी के दीये बनाए और उन्हें मनमोहक रंगों से सजाया भी।
इसके अलावा, दोनों विद्यालयों के बच्चों के बीच बैडमिंटन व अन्य खेलों के मैत्रीपूर्ण मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। गीत-संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांधते हुए विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। इस दौरान डीपीएस बोकारो के बच्चों ने दीपांश शिक्षा केंद्र के विद्यार्थियों के बीच स्टेशनरी किट और उपहार वितरित कर उनके चेहरों की खुशियां दोगुनी कर दीं।
दूसरी ओर, विद्यार्थियों ने विद्यालय के सफाई मित्रों एवं अन्य सहयोगी कर्मियों के बीच भी उपहार बांटकर ससम्मान उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, सहानुभूति और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना है। छात्र जीवन से ही जब बच्चों में अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध होता है, तभी वे आगे चलकर एक संवेदनशील इंसान और उत्तरदायी नागरिक बनते हैं। यह आयोजन बच्चों को यह सिखाता है कि त्योहारों की असली सार्थकता केवल स्वयं खुशियां मनाने में नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ अपनी खुशियां बांटने में निहित है।
इस पुनीत आयोजन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहीं दीपांश शिक्षा केंद्र की प्रभारी डॉ. सरिता गंगवार ने कहा कि यह केंद्र केवल निःशुल्क शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अभावों में जी रहे बच्चों के लिए उम्मीद की एक नई किरण है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई दशकों से यह केंद्र सैकड़ों बच्चों के जीवन में शिक्षा की रोशनी फैला रहा है। यहां बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं दिया जाता, बल्कि विद्यालय के अत्याधुनिक संसाधनों के माध्यम से संगीत, नृत्य, वादन और कंप्यूटर की शिक्षा भी प्रदान की जाती है। इन बच्चों को विभिन्न मंचों, कला और खेलकूद के लिए सही प्लेटफॉर्म देकर उनकी प्रतिभा को निखारा जाता है, ताकि वे अभावों को पीछे छोड़कर देश के सफल व सक्षम नागरिक बन सकें।


