Sahibganj News: दसवें दीक्षांत समारोह में साहिबगंज कॉलेज के दो विद्यार्थियों ने किया विश्वविद्यालय टॉप

सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में साहिबगंज कॉलेज के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
भूविज्ञान में योगेंद्र कुमार और राजनीति विज्ञान में सुनिधि कुमारी ने हासिल किया सर्वोच्च स्थान, राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

साहिबगंज: सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के दसवें दीक्षांत समारोह में साहिबगंज महाविद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।

सत्र 2024-26 के स्नातकोत्तर भूविज्ञान विभाग के छात्र योगेंद्र कुमार ने भूविज्ञान विषय में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा सुनिधि कुमारी ने भी अपने विषय में विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थियों को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार एवं विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो द्वारा सम्मानित होने का अवसर मिला।

इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

प्राचार्य ने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। सीमित संसाधनों के बावजूद दो अलग-अलग विषयों में विश्वविद्यालय टॉप करना यह साबित करता है कि यहां के विद्यार्थी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ संबंधित विभागों के शिक्षकों के मार्गदर्शन और महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। साथ ही दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More