Bokaro News: घर से निकलीं दो बच्चियां ट्रेन से पहुंचीं स्टेशन, पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

बोकारो: बोकारो रेलवे स्टेशन पर भटकती मिलीं दो बच्चियों को बोकारो पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिजनों तक पहुंचा दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेशन पर दो अनजान बच्चियां इधर-उधर घूम रही हैं।
सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया और उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि दोनों बच्चियां पारिवारिक कलह के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपना घर छोड़कर मुगलसराय स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर निकल गई थीं। सुबह नींद खुलने पर दोनों बोकारो रेलवे स्टेशन पर उतर गईं।
पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर बच्चियों को सौंपा
मामले में बोकारो पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए दोनों बच्चियों के माता-पिता से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस से भी मामले की समुचित जांच करने का आग्रह किया है, ताकि बच्चियों के घर छोड़ने के कारणों की जानकारी सामने आ सके।
मिसिंग मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई का निर्देश
बोकारो पुलिस के अनुसार, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से संबंधित किसी भी प्रकार के मिसिंग मामले में सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक की ओर से दिया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में बच्चे, महिला या बुजुर्ग के गुम होने से संबंधित कोई मामला आता है, तो तत्काल नजदीकी थाना अथवा 112 पर संपर्क करें।


