Dumka News: शिकारीपाड़ा क्षेत्र में अवैध लॉटरी का काला कारोबार, गाढ़ी कमाई गंवा रहे मजदूर
-1024x614.jpeg)
दुमका: शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के शिकारीपाड़ा, बरमसिया पत्तबाड़ी, राजबांध, बेनागड़िया और सरसडंगाल समेत आसपास के कई गांवों में अवैध लॉटरी का काला कारोबार तेजी से पांव पसार चुका है। रातों-रात लखपति बनने का सपना देखकर क्षेत्र के सीधे-सादे मजदूर और ग्रामीण अपनी दिनभर की गाढ़ी कमाई इस अवैध खेल में लुटा रहे हैं। चंद पैसों के लालच में हर दिन सैकड़ों परिवार आर्थिक तंगी की ओर धकेले जा रहे हैं, जबकि लॉटरी माफिया ग्रामीणों की इस लाचारी का फायदा उठाकर लगातार चांदी काट रहे हैं।
इस अवैध धंधे के कारण क्षेत्र के मजदूर वर्ग के घरों में चूल्हा जलना तक मुश्किल होता जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए रखे पैसे लॉटरी के अड्डों पर पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन परिवारों में आर्थिक संकट और गृह-कलह की स्थिति पैदा हो रही है। गांव-गांव तक फैले इस मायाजाल के बावजूद इस पर प्रभावी अंकुश न लग पाना कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इस अवैध नेटवर्क के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और लॉटरी माफियाओं पर शिकंजा कसने की मांग की है ताकि गरीब परिवारों को पूरी तरह बर्बाद होने से बचाया जा सके।


