रांची में 23 अगस्त को झारखंड रेरा सेमिनार, हितधारकों को अधिनियम की बारीकियों पर मिलेगा मार्गदर्शन

रांची: झारखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (झारखंड रेरा) द्वारा रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यावहारिक पहलुओं पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन 23 अगस्त 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम रांची के रेडिसन ब्लू होटल में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।
रियल एस्टेट अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की दी जाएगी जानकारी
सेमिनार में रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, परियोजना पंजीकरण, प्रमोटर एवं आवंटियों के अधिकार एवं दायित्व, अनुपालन प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन, शिकायत निवारण व्यवस्था तथा अन्य नियामकीय पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इंटरैक्टिव सत्र में सवालों का मिलेगा जवाब
कार्यक्रम के दौरान एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों द्वारा उठाए जाने वाले व्यावहारिक प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को अधिनियम के प्रावधानों और उनके व्यावहारिक अनुपालन को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है।
पारदर्शिता और विश्वास मजबूत करने पर जोर
झारखंड रेरा ने सभी बिल्डरों, प्रमोटरों, भूमि स्वामियों, होमबायर्स, बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों तथा अन्य हितधारकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की है। प्राधिकरण का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वास को और मजबूत करना है।


