हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंग्रेजी नव वर्ष, प्रोजेक्ट हेड ने दिया संदेश

बोकारो: बोकारो थर्मल में अंग्रेजी नव वर्ष धूम-धाम एवं हर्षोल्लास के साथ सोमवार को मनाया गया। नव वर्ष की पूर्व संध्या से ही लोगों ने नव वर्ष का स्वागत अपने-अपने तरीके से करने की व्यवस्था कर ली थी। जो कि देर रात्रि तक चली। बोकारो थर्मल स्थित स्टेशन कल्ब में डीवीसी के अधिकारियों ने सपरिवार जमकर नव वर्ष का लुत्फ डीजे पर थिरकते हुए उठाया। इसके अलावा बोकारो कलब में डीवीसी के कर्मचारियों एवं कलब के सदस्यों ने भी नव वर्ष का स्वागत नाच गाकर एवं खा पीकर किया। ठंढ में स्थानीय सर्वोदय कलब मैदान, राजा बाजार, अंबेडकर नगर, सीसीएल गोबिंदपुर, फेज दो कॉलोनी, गोबिंदपुर बस्ती में भी युवाओं की टोली ने अपने स्तर से नव वर्ष मनाया और उसका स्वागत किया। नव वर्ष पर स्थानीय थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी जवानों एवं अधिकारियोें के साथ रात्रि में गस्ती करते देखे गए। सोमवार को स्थानीय पिकनीक के सभी स्थानों मसलन डीवीसी के निदेशक भवन के समीप, पहाड़ी मंदिर, मोनटिको नाला, कोनार नदी छठ घाट, बोकारो नदी के किनारे पर लोगों की काफी भीड़ नव वर्ष के अवसर पर सपरिवार पिकनीक मनाते देखी गयी। बाजारों में भी मांस, मुर्गा एवं मछली तथा शराब की दूकानों पर जमकर खरीददारी हुई।
प्रोजेक्ट हेड ने नव वर्ष पर दिया संदेश-डीवीसी बोकारो थर्मल के प्रोजेक्ट हेड कमलेश कुमार ने नव वर्ष पर अपने कामगारों एवं अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि पावर सेक्टर के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के कारण काफी हाड़ मची हुई है। डीवीसी के पुराने पावर प्लांट एक-एक कर बंद हो रहे हैं। स्थानीय कामगारों एवं अधिकारियों के मनोबल को बनाये रखने के लिए बोकारो बी पावर प्लांट के तीन नंबर यूनिट को चलाया जा रहा है। 500 मेगावाट का ए पावर प्लांट अपने शैशवकाल से गुजर रहा है। उन्होंने सभी से एक जुट होकर परिश्रम के साथ उत्पादन में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।


